बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता प्रेम चोपड़ा का जन्म पाकिस्तान के लाहौर में हुआ। दरअसल, भारत-पाकिस्तान बंटवारे के दौरान प्रेम चोपड़ा का परिवार लाहौर से शिमला आ गया था। प्रेम चोपड़ा अपने जमाने के दिग्गज सितारों में शामिल रहे हैं। अधिकांश फिल्मों में उन्होंने खलनायक की भूमिका अदा कीं। हाल ही में अभिनेता ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कई दिलचस्प बातें साझा कीं। इस दौरान उन्होंने बताया कि एक बार उन्हें पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति जिया-उल-हक ने पड़ोसी मुल्क का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया था।
लाहौर में कहां रहते थे प्रेम चोपड़ा?
एएनआई से बातचीत में प्रेम चोपड़ा ने बताया, 'मैं लाहौर में कृष्णा गली में रहता था। वहां कई गलियां थीं, मैं गली नंबर 5 में रहा। इतने वर्षों के बाद पाकिस्तान में किसी ने मेरा घर ढूंढा और उसे टेलिविजन पर दिखाया। इस तरह मुझे टीवी पर अपना बचपन का घर देखना का मौका मिला'। अभिनेता से जब यह पूछा गया कि क्या वह कभी अपने जन्म स्थान पर लौटे? इस पर प्रेम चोपड़ा ने कहा कि उन्हें पूर्व राष्ट्रपति जिया-उल-हक से लाहौर आने का निमंत्रण मिला था, लेकिन वह जाने में असमर्थ थे'।
इस वजह से नहीं जा सके लाहौर
प्रेम चोपड़ा ने कहा, 'मुझे, इनविटेशन आया था जिया उल हक साहब का, लेकिन उस समय मैं दिल्ली में था। मैं और शत्रु (शत्रुघ्न सिन्हा) और यश जौहर जाने वाले थे, लेकिन मैं बहुत व्यस्त था और अचानक उसी दिन मुझे तेज बुखार आ गया इसलिए नहीं जा सका'। वर्ष 1999 में, पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने एक बस में अमृतसर से लाहौर तक यात्रा की, जिसमें बॉलीवुड के दिग्गज देव आनंद, लेखक जावेद अख्तर और क्रिकेट आइकन कपिल देव शामिल थे। प्रेम चोपड़ा ने पंजाबी कहावत दोहराई, 'जिस लाहौर नई देख्या ओ जम्याई नई'। प्रेम चोपड़ा ने आगे कहा, 'अभी भी वहां ड्रामा हैं, बहुत अच्छे ड्रामा...आपको वह देखने चाहिए'।
Anupam Kher: सतीश कौशिक को याद कर भावुक हुए अनुपम, बोले- मेरी मां नहीं जानती हैं कि वो हमें छोड़ कर जा चुके हैं
सरकारी नौकरी करते थे एक्टर के पिता
प्रेम चोपड़ा ने कहा, 'लाहौर एक छोटा सा शहर था। मेरे पिता वहां सरकारी नौकरी करते थे। बंटवारे के बाद उनका ट्रांसफर शिमला हो गया। 1947 में बंटवारे से सात दिन पहले हमने लाहौर छोड़ दिया था'। इसके बाद प्रेम चोपड़ा ने शिमला से जुड़ी यादें साझा करते हुए कहा कि उस शहर में गेयटी जैसे कई थिएटर थे, जिसे हाल ही में फिर से तैयार किया गया था, जो अंग्रेजों की पसंदीदा ग्रीष्मकालीन राजधानी थी। उन्होंने याद किया कि उन्हें भी अभिनय में दिलचस्पी हो गई थी और उन्होंने अपने कॉलेज के दिनों में नाटकों में भाग लेना शुरू कर दिया था।
Asha Bhosle: भारत के सबसे बड़े कॉन्सर्ट को लेकर मुबंई में प्रेस कॉन्फ्रेंस, आशा भोसले ने किया दिलचस्प खुलासा
शिमला को लेकर कही ये बात
शिमला से जुड़ी यादें बताते हुए प्रेम चोपड़ा ने कहा कि हाल ही में वे शिमला गए और एक नाटक में शेक्सपियर के खलनायक 'शाइलॉक' की भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, 'शिमला के बारे में एक खास बात यह थी कि आस-पास कई थिएटर थे। मैं हाल ही में कई वर्षों के बाद शिमला गया और मैंने एक अंग्रेजी नाटक में शाइलॉक की भूमिका निभाई। मैं इससे खुश था, क्योंकि लोगों को यह काफी पसंद आया। वहां मुझे बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड भी मिला'।
Avneet Kaur: आमिर की 'दंगल और 'सीक्रेट सुपरस्टार' का हिस्सा बनते-बनते रह गई थीं अवनीत, एक्ट्रेस ने किया खुलासा