फैशन इवेंट्स में कई बड़े सेलेब्स फर वाले आउटफिट पहने नजर आ जाते हैं। इस तरह के आउटफिट देखने में भले ही बेहद आकर्षक लगते हों लेकिन इन्हे तैयार करने में जानवरों की खाल का इस्तेमाल होता है। कई बार फर कपड़ों को लेकर सवाल भी उठते रहे हैं। हाल ही में मेट गाला 2021 के मौके पर प्रतिष्ठित सुपरमॉडल इमाम ने बेहद आकर्षक परिधान कैरी किया था, जिसमें फेदर ओवर स्कर्ट और फेदर हेडपीस कैरी किया था, तो वहीं मेट गाला को होस्ट करने वाली बिली ने फर आउटफिट पहनने से साफ मना कर दिया था। फर कपड़ों को लेकर जारी इस विरोधाभास में अब एक बड़ी खबर आई है। दरअसल फ्रेंच लग्जरी ब्रांड सेंट लॉरेंट ने अगले साल से अपने कलेक्शन से फर के उपयोग पर रोक लगा दी है। प्रमुख फैशन हाउस सेंट लॉरेंट की पैरेंट कंपनी केरिंग ने वैश्विक कंपनियों की लिस्ट में अपनी स्थिति और मजबूत होने के बाद अगले साल से फर फ्री कलेक्शन का ऐलान किया है।
प्रमुख फैशन हाउस ने जानवरों की खाल के इस्तेमाल पर लगाई रोक, अगला कलेक्शन होगा फर-फ्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फैशन हाउस सेंट लॉरेंट का अगला कलेक्शन होगा फर-फ्री
जानवरों की खाल से बने कपड़े, बैग या फुटवियर के शौकिन लोगों का झटका लगा है। बड़े फैशन हाउस सेंट लॉरेंट ने अपने अगले कलेक्शन से फर वाले प्रोडक्ट्स को शामिल न करने का एलान किया है। इतना ही नहीं फैशन हाउस की पैरेंट कंपनी केरिंग के अंतर्गत आने वाले सभी फैशन हाउस अब फर मुक्त हो जाएंगे। केरिंग के ब्रांड ब्रियोनी भी अब फर वाले प्रोडक्ट्स को अपने कलेक्शन में शामिल नहीं करेगा। बता दें कि पशु अधिकार समूह लंबे समय से वैश्विक फैशन उद्योग में फर के इस्तेमाल पर रोक की पैरवी कर रहे हैं। जिसमें वर्साचे, चैनल और माइकल कोर्स सहित कई लग्जरी फैशन हाउस ने पहले ही फर का इस्तेमाल करना बंद कर दिया है।
केरिंग के सीईओ का बयान
केरिंग के सीईओ फ्रैंकोइस-हेनरी पिनॉल्ट ने अपने एक बयान में कहा कि, "दुनिया के साथ हमारे ग्राहक भी बदल रहे हैं। ऐसे में लग्जरी में स्वाभाविक बदलाव की जरूरत है। केरिंग का फाॅल 2022 कलेक्शन पूरी तरह से फर मुक्त हो जाएगा।
सुपर मॉडल केट मॉस ने पहना था फॉक्स फर कोट
सेंट लॉरेंट का ये फैसला ऐसे समय पर आया जब जानवरों के लिए काम करने वाले संगठन पेटा ने सेंट लॉरेंट फैशन हाउस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। पेटा का ये विरोध इसी साल पेरिस में स्थित एक स्टोर के बाहर किया गया, जब सुपर मॉडल केट मॉस एक कैंपेन के प्रचार के लिए लोमड़ी की खाल का बना कोट पहने नजर आईं थीं। इस बारे में पेटा ने सेंट लॉरेंट से कहा कि फर के इस्तेमाल से बने कपड़े पहनने में कोई ग्लैमर नहीं है। वैसे भले ही केरिंग ग्रुप ने अब जाकर अपने सभी ब्रांड व फैशन हाउस को फर फ्री कर दिया हो लेकिन सबसे पहले केरिंग समूह के गुच्ची ने साल 2017 में फर के इस्तेमाल पर रोक लगाई थी।
फर कोट की कीमत
फिलहाल सेंट लॉरेंट के वर्तमान स्टोर में जानवरों के खाल से बने परिधान बिक रहे हैं। जिसमें खरगोश का फर कोट है, जिसकी कीमत 6450 डॉलर यानी 4,77,600 रुपए है। इसी दाम में स्लीवलेस फाॅक्स वेस्ट है, जिसे मिंक मुल्स के साथ पेयर किया गया है। इसकी कीमत 86,350 रुपए है।
फर उद्योग में सालाना अरबों का व्यापार
पेटा के मुताबिक, दुनिया में बिकने वाले 85 प्रतिशत फर जानवरों से बनते हैं। जानवरों के लिए यह बेहद दयनीय होता है। आमतौर पर इन जानवरों को जहरीली गैस, बिजली के झटके या पीट-पीटकर मार दिया जाता है। अहम बात ये है कि फर प्रोडक्ट का उद्योग इतना बड़ा है कि हर साल इससे कई अरब डॉलर का अंतरराष्ट्रीय व्यापार होता है और दुनिया भर में करीब दस लाख लोग इस क्षेत्र में काम करते हैं।
एलवीएमएच जारी रखेगा फर प्रोडक्ट की बिक्री
हालांकि दुनिया के सबसे बड़े लग्जरी समूह और केरिंग के प्रतिद्वंदी ब्रांड एलवीएमएच ने कहा है कि वह ग्राहकों की मांग को पूरा करने के लिए अपने कलेक्शन में फर उत्पादों को शामिल रखेंगे। इसके साथ एलवीएमएच ने यह भी कहा, जानवरों के खाल से बनने वाले प्रोडक्ट को नैतिक और जिम्मेदार तरीके से तैयार किया जाएगा और जो प्रजातियां लुप्त हो रही हैं उनके फर पर प्रतिबंध रहेगा।