तेलंगाना में आज रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार का गठन हो गया। राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन ने दोपहर 1.04 बजे 56 वर्षीय अनुमुला रेवंत रेड्डी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही 11 अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। तेलंगाना सरकार के मंत्री बनने वालों में दो महिला विधायक भी हैं।
आगे पढ़ने के लिए लॉगिन या रजिस्टर करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
फ्री ई-पेपर
सभी विशेष आलेख
सीमित विज्ञापन
आइये जानते हैं शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों के बारे में...
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी: तेलंगाना के दूसरे मुख्यमंत्री की शपथ लेने वाले रेवंत रेड्डी वर्तमान में तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष के पद पर हैं। इस विधानसभा चुनाव में रेवंत तेलंगाना के तत्कालीन मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के सामने चुनाव लड़े। यह मुकाबला कामारेड्डी विधानसभा सीट पर था। यहां रेवंत और केसीआर दोनों को भाजपा उम्मीदवार से हार झेलनी पड़ी। हालांकि, रेवंत ने दूसरी सीट कोडांगल से चुनाव जीत लिया।
उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क: मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता भट्टी विक्रमार्क ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। भट्टी विक्रमार्क भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल थे। विक्रमार्क माधिरा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार थे, जहां से वह मौजूदा विधायक भी थे। इस चुनाव में उन्होंने बीआरएस उम्मीदवार कमल राजू लिंगला को 35,452 वोटों से शिकस्त दी।
आंध्र प्रदेश में पार्टी के एमएलसी रहने के बाद विक्रमार्क माधिरा सीट पर 2009 में पहली बार विधायक चुने गए थे। इसके साथ ही पार्टी ने उन्हें मुख्य सचेतक भी बना दिया। जून 2011 में आंध्रप्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष बनने वाले वरिष्ठ नेता 2014 और 2018 में फिर विधायक बने। जनवरी 2019 में विक्रमार्क को तेलंगाना विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता के रूप में नियुक्त किया गया। विक्रमार्क के बड़े भाई अविभाजित आंध्र के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके मझले भाई भी कांग्रेस सांसद रह चुके हैं।
उत्तम कुमार रेड्डी: तेलंगाना में कांग्रेस ने अपने जिन लोकसभा सांसदों को टिकट दिया था, उनमें एक नाम उत्तम कुमार रेड्डी का भी था। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उत्तम सूर्यापेट जिले की हुजूरनगर सीट से चुनाव मैदान में उतरे और चुनाव जीता। भारतीय वायुसेना में पायलट रहे उत्तम कुमार ने बीआरएस के मौजूदा विधायक शानमपुडी सैदी रेड्डी को 44,888 वोटों से हराया।
विधायक बनने से पहले वह नलकोंडा लोकसभा सीट से कांग्रेस के सांसद थे। 2019 में सांसद बनने से पहले भी रेड्डी हुजूरनगर सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उत्तम कुमार रेड्डी ने बीआरएस के शानमपुडी सैदी रेड्डी को हराया था।
तेलंगाना से पहले 1999 से 2014 के बीच वह तीन बार आंध्र प्रदेश से विधायक रह चुके हैं। वहीं 2012 से 2014 तक वह आंध्र प्रदेश की सरकार में बतौर कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
कोमाटी रेड्डी वेंकट रेड्डी: भुवनगिरि लोकसभा सीट से सांसद रहे रेड्डी ने भी मंत्री के रूप में शपथ ली है। वह नलगोंडा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाए गए थे, जहां उन्हें 54,332 वोटों से जीत मिली। उनका नाम भी राज्य में कांग्रेस के मुख्यमंत्री के रूप में चर्चा में रहा। कोमाटी मई 2019 में 17वीं लोकसभा के लिए चुने जाने से पहले विधायक थे।
इससे पहले वह 1999 से 2014 के बीच आंध्र प्रदेश से तीन बार विधायक रह चुके हैं। वह राज्य की वाईएस राजशेखर रेड्डी की सरकार में सूचना प्रौद्योगिकी, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।