राजस्थान में शिक्षक भर्ती की राह देख रहे बेरोजगारों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य के मुख्यमंत्री ने राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी रीट को जुलाई 2022 में आयोजित करने की घोषणा की है। सीएम अशोक गहलोत ने यह घोषणा बुधवार को राजस्थान विधानसभा में बजट पेश करते हुए की थी। मुख्यमंत्री गहलोत ने बजट में शिक्षा और रोजगार क्षेत्र के लिए कई अहम घोषणाएं की।
मुख्यमंत्री ने अपने बजट भाषण में कहा कि रद्द की गई रीट परीक्षा का आयोजन अब जुलाई 2022 में किया जाएगा। इसके साथ ही सीएम ने बताया कि रीट परीक्षा 2022 लिए रिक्त सीटों की संख्या भी 32 हजार से बढ़ाकर 62 हजार कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जिन उम्मीदवारों ने रीट 2021 की परीक्षा के लिए आवेदन किया था, उन्हें दोबारा आवेदन शुल्क नहीं जमा करना पड़ेगा।
2 of 4
सीएम अशोक गहलोत
- फोटो : Social Media
एक लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरियां दीं
सीएम अशोक गहलोत ने कहा है कि राज्य में रोजगार के बढ़ते अवसरों को देखते हुए शिक्षक पात्रता परीक्षा रीट 2022 में पदों की संख्या मौजूदा 32,000 से बढ़ाकर 62,000 कर दी जाएगी। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि राज्य सरकार के द्वारा युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए प्राथमिकता से काम किया जा रहा है। इससे अब तक एक लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है। साथ ही राजस्थान सरकार करीब सवा लाख और पदों पर नौकरियां देने का प्रयास कर रही है।
3 of 4
रीट परीक्षा: नकल में इस्तेमाल हुई छह लाख रुपये की ब्लूटूथ वाली चप्पल
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
नकल रोकने को स्थापित की जाएगी एंटी-चीटिंग सेल
सीएम गहलोत ने स्पष्ट किया कि जुलाई में होने वाले रीट 2022 में उम्मीदवारों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा और आवेदक उम्मीदवारों को निशुल्क यात्रा समेत पहले जो भी सुविधाएं दी गई थीं, उन्हें फिर से जुलाई परीक्षा के लिए प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, राज्य में परीक्षा के निष्पक्ष संचालन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान पुलिस की एक एंटी-चीटिंग सेल भी स्थापित की जाएगी। क्योंकि रीट 2021 की परीक्षा में ब्लूटूथ युक्त चप्पल जैसे हाईटेक तरीकों से नकल के मामले सामने आए थे।
4 of 4
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
आरबीएसई जल्द जारी करेगा रीट 2022 की अधिसूचना
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की बजट घोषणा के अनुरूप, आरबीएसई यानी राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर की ओर से जल्द ही रीट परीक्षा 2022 पर आधिकारिक अधिसूचना जारी करने की उम्मीद है। इस बीच, उम्मीदवारों को सुझाव दिया जाता है कि वे इस संबंध में नवीनतम और अधिक जानकारी के लिए आरबीएसई की वेबसाइट विजिट करते रहे हैं।