राजधानी दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश समेत कई हिस्सों में इन दिनों बारिश और मौसम में गड़बड़ी देखी जा रही है। बीते कुछ हफ्तों में जिस तरह से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, अभी से ही भीषण गर्मी का एहसास होने लगा था ऐसे में मार्च के महीने में अचानक बारिश से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली है। हालांकि बेमौसम बारिश का सेहत पर कई तरह से नकारात्मक असर पड़ सकता है जिसको लेकर डॉक्टरों ने सावधान किया है।
Delhi Weather Shange: बदलता मौसम और बारिश कहीं आपकी सेहत के लिए न बढ़ा दे मुश्किलें? डॉक्टर ने किया सावधान
मार्च के महीने में बारिश कम ही देखी जाती है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश सहित कई हिस्सों में बारिश देखी जा रही है। बीते हफ्तों में बढ़े तापमान से ये हर व्यक्ति के लिए राहत की बात तो है लेकिन, इसका आपकी सेहत पर कई तरह से नकारात्मक असर हो सकता है।
बदलता मौसम आपको कर सकता है बीमार
अमर उजाला से बातचीत में इंटेंसिव केयर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ नरेंद्र मोहन कहते हैं, ये महीना वह समय है जब शरीर धीरे-धीरे सर्दियों से गर्म और लंबे दिनों के हिसाब से खुद को ढालता है। मौसम के हिसाब से रोजमर्रा की दिनचर्या में बदलाव भी आता है। हालांकि इस दौरान बारिश और फिर से गिरते तापमान ने स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को बढ़ा दिया है।
- यह मौसमी बुखार और फ्लू के मामलों को बढ़ाने वाला हो सकता है।
- जब इस दौरान बेमौसम बारिश, तेज हवाएं और तापमान में अचानक गिरावट या बढ़ोतरी होती है, तो शरीर का तापमान नियंत्रित करने वाला सिस्टम प्रभावित हो सकता है।
- तापमान में अचानक होने वाले बदलाव का इम्यून सिस्टम पर भी असर हो सकता है।
सर्दी-खांसी और बुखार के बढ़ सकते हैं मामले
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बारिश और तापमान में बदलाव से वायरल संक्रमण तेजी से फैल सकते हैं। नमी बढ़ने से बैक्टीरिया और वायरस प्रभावी हो जाते हैं।
- इस समय परागकण भी हवा में अधिक होते हैं, जो एलर्जी और अस्थमा के मरीजों के लिए समस्या बढ़ा सकते हैं।
- बेमौसम बरसात को हल्के में लेना सही नहीं है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए यह जोखिम ज्यादा वाला हो सकता है।
- जिनकी इम्युनिटी कमजोर है उनके लिए ये बदलता मौसम और भी बीमारियां बढ़ाने वाला हो सकता है।
सेहत को लेकर बरतें सावधानी
डॉ नरेंद्र मोहन कहते हैं, इन दिनों सभी लोगों को सेहत को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।
- मौसम के अनुसार कपड़े पहनें। बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है इसलिए शरीर को ठंड से बचाएं।
- अगर बारिश में भीग गए हैं तो तुरंत कपड़े बदलें और शरीर को सुखाएं।
- घर के आसपास पानी जमा न होने दें।
- इस मौसम में ताजा और गर्म भोजन लें। इम्युनिटी को मजबूत रखने के लिए संतुलित आहार व पर्याप्त नींद लें।
- अगर 2-3 दिन से ज्यादा बुखार या सांस लेने में दिक्कत हो, तो डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।