बढ़ा हुआ वजन कई समस्याएं साथ लेकर आता है। यह केवल शरीर पर जमी हुई चर्बी भर नहीं होती, इसकी वजह से शरीर के भीतर चल रहे कार्यों पर भी बुरा असर पड़ने लगता है। जैसे हार्मोन्स के उत्पादन में असंतुलन, लिवर, ह्रदय व फेफड़ों पर बढ़ता दबाव आदि। डायबिटीज और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियां भी मोटे लोगों को आसानी से शिकंजे में ले लेती हैं। इतना ही नहीं बढ़े हुए वजन के कारण त्वचा पर उम्र से पहले बुढ़ापा भी झलकने लगता है। तो जरूरी है कि हर उम्र में वजन को संतुलित रखा जाए। कोरोना जैसी महामारी के आने के बाद तो यह और भी लाजमी हो गया है क्योंकि इस बीमारी ने उन लोगों को बड़े पैमाने पर तकलीफ पहुंचाई जो जीवनशैली और मोटापे के कारण कई समस्याओं से जूझ रहे थे। ऐसे लोगों को रिकवरी में भी बहुत दिक्कत आई। वजन को संतुलित रखने में ऐसे खाद्य बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं जो शरीर के फैट को जलाने में मदद करें। जानिए ऐसे ही कुछ फूड्स के बारे में।
Fat Burning Foods: वजन घटाने के लिए खाइए ये चर्बी जलाने वाले फूड
सेब, दही और नाशपती:
ये आपके लिए सुबह के नाश्ते का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है और शाम की चाय के समय का भी। यूं सेब को लेकर स्वास्थ्य से जुडी कई बातें कही जाती हैं लेकिन सेब और नाशपती के दो सबसे बड़े गुण हैं इनका पानी और फाइबर से भरपूर होना। इससे पेट तो भरता ही है, फाइबर आँतों की सफाई भी कर डालता है। जरूरी यह है कि स्मूदी या जूस की जगह साबुत फल खाएं। जितनी देर आप फल को अच्छे से चबा कर खाएंगे उस प्रक्रिया में भी कई कैलोरीज बर्न होंगी। इसी तरह योगर्ट और दही का प्रयोग भी आप ड्रेसिंग से लेकर नाश्ते तक के रूप में कर सकते हैं। ये पाचन तंत्र को फायदा पहुंचाने वाले बैक्टीरिया और इम्युनिटी दोनों को बढ़ाता है। चाहें तो एक गिलास लस्सी बनाकर पियें या बाजार में मिलने वाले हेल्दी योगर्ट के विकल्प को चुनें। दोनों ही शरीर की चर्बी हटाने में मददगार होंगे।
सलाद और सब्जियां
फलों की तर्ज पर ही कच्चा सलाद भी आपको एक्स्ट्रा कैलोरीज शरीर में भेजने से बचाएगा। गाजर के अलावा, चुकंदर, ककड़ी, टमाटर या खीरा, जैसी चीजें यदि आप कच्ची खाते हैं तो भी अच्छा और भाप में हल्की नरम करके खाते हैं तो और अच्छा। स्वाद के लिए नमक, नीबू, चाट मसाला या सीजनिंग ऊपर से बुरक लें। इन्हें आप खासकर दोपहर के भोजन के पहले खाने के लिए उपयोग में लाएं या तब जब आपका मन चिप्स जैसी किसी चीज को खाने का हो रहा हो। ये सभी चीजें भी पानी और फाइबर से भरपूर होती हैं लेकिन कैलोरीज में बहुत कम होती हैं।
अंडे, कॉफी और ओटमील
सुबह के नाश्ते के लिए अंडे, ओटमील और ब्लैक कॉफी भी बहुत अच्छा विकल्प हो सकते हैं। ये न केवल पेट अच्छी तरह भरेंगे बल्कि प्रोटीन, फाइबर और विटामिन्स भी देंगे। एक अंडे में केवल 75 कैलोरीज होती हैं लेकिन 7 ग्राम प्रोटीन होता है जो इसको प्रोटीन रिच बनाता है। इतना ही नहीं कार्बोहायड्रेट से भरे नाश्ते की तुलना में अंडे को पचाने में शरीर को अधिक कैलोरीज खर्च करनी पड़ती हैं।वहीं कम से कम शकर और दूध के बिना बनाई गई कॉफी मेटाबॉलिज्म को बढ़ाने और वजन कम करने में भी मदद करती है।
सूप या अन्य सेमी लिक्विड
इनको आप रात के भोजन, शाम की चाय या दोपहर के नाश्ते की जगह भी उपयोग में ला सकते हैं। बशर्ते सूप में क्रीम और अन्य टॉपिंग्स न हों। बीन्स, गाजर, टमाटर, मशरूम्स व अन्य सब्जियों का उपयोग किया जा सकता है। इसके अलावा एकदम पतला सत्तू, पतली दाल, रसम आदि भी लिया जा सकता है। इससे आप उन अतिरक्त कैलोरीज को शरीर में जाने से बचा सकते हैं जो चुटुर-पुटुर नाश्ते के कारण पेट में जाती हैं।
