आयुर्वेद में सदियों से घी के सेवन को सेहत के लिए विशेष लाभदायक बताया जाता रहा है। अध्ययनों से पता चलता है कि घी में कई ऐसे विटामिन्स और पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर के संपूर्ण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। घी हार्मोन को संतुलित करने और स्वस्थ कोलेस्ट्रॉल को बनाए रखने में भी लाभदायक माना जाता है। इसमें भरपूर मात्रा में ओमेगा -3 फैटी एसिड और विटामिन-ए पाया जाता है जो शरीर की सुंदरता, बालों की देखभाल के साथ हड्डियों और मांसपेशियों को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखने में सहायक है।
आज का हेल्थ टिप्स: रोजाना खाइए बस एक चम्मच घी, दूर होगी कमजोरी और त्वचा में आएगा निखार
ऊर्जा का अच्छा स्रोत
अध्ययनों से पता चलता है कि घी ऊर्जा का अच्छा स्रोत है। इसमें कई प्रकार के फैटी एसिड होते हैं, जिनमें से लॉरिक एसिड एक शक्तिशाली रोगाणुरोधी और एंटिफंगल पदार्थ है। दूध पिलाने वाली माताओं को अक्सर घी के लड्डू खाने को दिए जाते हैं, क्योंकि ये ऊर्जा से भरपूर होते हैं। इसमें हेल्दी फैट भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है जो इसे विशेष स्वास्थ्य वर्धक बनाता है।
तंत्रिका तंत्र के लिए बेहतर
घी न केवल मस्तिष्क में केंद्रीय तंत्रिका तंत्र, बल्कि आंतों के तंत्रिका तंत्र को भी सकारात्मक रूप से प्रभावित करता है। घी में कई विटामिन और खनिज होते हैं। पाचन को बेहतर बनाए रखने में भी घी का नियमित सेवन फायदेमंद माना जाता है।
बालों और त्वचा के लिए लाभदायक
घी में भरपूर मात्रा में विटामिन-ई की उपस्थिति होती है जो इसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट क्षमता प्रदान करती है। घी त्वचा के साथ-साथ बालों के लिए भी अच्छा माना जाता है। लोग न केवल घी का सेवन करते हैं, बल्कि इसका उपयोग फेस मास्क, हेयर मास्क के रूप में किया जाता रहा है। घी के सेवन से त्वचा में निखार आता है।
आयुर्वेद के अनुसार घी आपकी आंखों की रोशनी में सुधार करने के साथ आंखों से संबंधित कई बीमारियों से सुरक्षा दे सकता है। इसलिए, आहार में घी को शामिल करके बेहतर दृष्टि प्राप्त कर सकते हैं। बुढ़ापे तक आंखों की रोशनी को बेहतर बनाए रखने के लिए घी का सेवन करना लाभदायक माना जाता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से प्राप्त जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।