हमारा शरीर ठीक तरीके से काम करता रहे इसके लिए सभी अंगों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। नर्वस सिस्टम यानी तंत्रिका तंत्र का स्वस्थ रहना यहां सबसे जरूरी हो जाता है। पूरे शरीर में फैली नसें ही दिमाग से संदेश भेजकर तय करती हैं कि क्या सोचें, समझें, चलें, महसूस करें और प्रतिक्रिया दें? दिल की धड़कन से लेकर पाचन, नींद, मूड और याददाश्त तक सब कुछ इसी सिस्टम के नियंत्रण में होता है। यही कारण है कि तंत्रिकाओं का स्वस्थ रहना जरूरी हो जाता है।
Nervous System: नर्वस सिस्टम को कैसे रखें हेल्दी, क्या खाएं और कैसा रखें लाइफस्टाइल? यहां जानिए सबकुछ
नर्वस सिस्टम के स्वस्थ रहने से आप अपने नियमित कार्यों, जैसे कि चलना- फिरना, महसूस करना, दौड़ना, याद रखने की क्षमता आदि को आसानी से कर पाने में सक्षम होते हैं। आइए जानते हैं कि इसके लिए आप क्या उपाय कर सकते हैं?
डॉक्टर कहते हैं, तंत्रिका तंत्र शरीर की हर गतिविधि को नियंत्रित करता है।
- जब हम किसी गर्म चीज को छूते हैं और तुरंत हाथ पीछे खींच लेते हैं, तो यह नर्वस सिस्टम की तेज प्रतिक्रिया है।
- जब आप कोई नई चीज सीखते हैं, याद रखते हैं या भावनाएं व्यक्त करते हैं, तो इसमें भी न्यूरॉन्स सक्रिय होते हैं।
अध्ययनों में पाया गया है कि विटामिन बी12 की कमी, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर जैसी स्थितियां नसों के लिए दिक्कतें बढ़ाती जा रही हैं। इसके अलावा लंबे समय तक तनाव में रहने के दौरान रिलीज होने वाला कोर्टिसोल हार्मोन भी दिमागी कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकता है। उम्र बढ़ने के साथ न्यूरोडीजेनेरेटिव रोगों का खतरा तो बढ़ता ही है, इसलिए शुरुआती उम्र से देखभाल जरूरी है।
आप आहार में कुछ अहम विटामिन और पोषक तत्वों को शामिल करके नर्वस सिस्टम को स्वस्थ बनाए रख सकते हैं। अमीनो एसिड तंत्रिका कोशिकाओं की मरम्मत और रखरखाव में मदद करता है। ये थायरॉयड हार्मोन के उत्पादन में भी मदद करता है, जो तंत्रिका विकास और उसके कार्यों के लिए जरूरी है।
- सेलेनियम की कमी से तंत्रिका संबंधी समस्याएं यानी अल्जाइमर और पार्किंसन जैसे रोग हो सकते हैं।
- जिंक तंत्रिका कोशिकाओं के विकास और कार्य के लिए जरूरी है। जिंक की कमी के कारण स्वाद, गंध और स्पर्श महसूस न करने जैसी हानि हो सकती है।
- नर्वस सिस्टम को स्वस्थ रखने के लिए विटामिन डी, बी 12 और मैग्नीशियम का सेवन कर सकते हैं। ये नसों को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
नर्वस सिस्टम को हेल्दी कैसे रखें?
नर्वस सिस्टम को स्वस्थ रखने के लिए लाइफस्टाइल में सुधार करना सबसे जरूरी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, नियमित व्यायाम की आदत सबसे लाभकारी है। इससे दिमाग में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है और न्यूरोट्रांसमीटर संतुलित रहते हैं।
- पर्याप्त नींद लेने से दिमाग खुद को रिपेयर करता है और टॉक्सिन्स बाहर निकालता है।
- ध्यान और प्राणायाम तनाव को कम करते हैं, जिससे नर्व सेल्स सुरक्षित रहती हैं।
- धूम्रपान और अत्यधिक शराब से बचना चाहिए, क्योंकि ये नसों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।