जब भी बात हृदय को स्वस्थ रखने की होती है तो सबसे पहले डॉक्टर ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने की सलाह देते हैं। हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी जानलेवा स्थितियों का कारण बन सकती है। कुछ दशकों पहले तक हाई कोलेस्ट्रॉल को बढ़ती उम्र की समस्या माना जाता था, हालांकि अब कम उम्र वाले भी इसका शिकार हो रहे हैं।
Cholesterol Risk: क्या खजूर खाने से घटता है कोलेस्ट्रॉल? अगली बार खाने से पहले जान लीजिए ये बातें
Cholesterol Kaise Kam Kare: शरीर में एलडीएल यानी बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर धमनियों में चर्बी जमा होने लगती है। इससे रक्त प्रवाह बाधित हो सकता है और हार्ट अटैक, स्ट्रोक, हाई ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। क्या खजूर खाने से इसमें लाभ पाया जा सकता है?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खजूर खाने से घटता है कोलेस्ट्रॉल?
खजूर को कई प्रकार के पोषक तत्वों और स्वास्थ्य लाभों के लिए भी जाना जाता है। इसमें मौजूद फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स और कई महत्वपूर्ण खनिजों की हमें नियमित रूप से जरूरत होती है। क्या इसके सेवन से दिल की सेहत में सुधार हो सकता है?
- हाल की अध्ययनों से पता चलता है कि ये पुराना फल कुछ बहुत ही मॉडर्न स्वास्थ्य समस्याओं जैसे कि हाई कोलेस्ट्रॉल, कब्ज और गट माइक्रोबायोम की समस्या में फायदेमंद हो सकता है।
- न्यूट्रिशनिस्ट निकोला लुडलम-रेन कहती हैं, अकेले खजूर खाने से कोलेस्ट्रॉल कम नहीं किया जा सकता है। हालांकि बैलेंस्ड, मेडिटेरेनियन-स्टाइल डाइट के हिस्से के तौर पर खजूर खाना आपके दिल की सेहत के लिए कारगर हो सकता है।
खजूर के और भी कई फायदे
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सबसे पहले इनमें फाइबर की मात्रा बहुत ज्यादा होती है। 100 ग्राम खजूर में 8 ग्राम तक अघुलनशील फाइबर होता है (जिसे 'रफेज' भी कहा जाता है)। ये पेट साफ होने की प्रक्रिया को नियमित रखने में मदद कर सकता है।
- साल 2015 में हुए एक अध्ययन में पाया गया कि जो लोग लगातार 21 दिनों तक सीमित मात्रा में खजूर खाते रहे, उनका पेट अच्छी तरह से साफ हुआ, उन्हें दस्त की समस्या नहीं हुई।
- खजूर में पोटैशियम, मैग्नीशियम, कॉपर, आयरन और मैंगनीज जैसे जरूरी खनिज भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं।
- दिल, मांसपेशियों और नसों के सही काम करने, लाल रक्त कोशिकाओं के बनने, हड्डियों के स्वास्थ्य और ऊर्जा के सही इस्तेमाल के लिए रोजाना इन खनिजों की जरूरत होती है।
कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए कैसी रखें डाइट?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए किसी एक खाद्य पदार्थ पर निर्भर रहने के बजाय संपूर्ण जीवनशैली में बदलाव बहुत जरूरी है।
- ट्रांस फैट और सैचुरेटेड फैट का सेवन कम करना चाहिए।
- तली-भुनी चीजें, प्रोसेस्ड स्नैक्स, बेकरी उत्पाद और फास्ट फूड एलडीएल कोलेस्ट्रॉल बढ़ा सकते हैं।
- ओट्स, जौ, दालें, फल, सब्जियां, मेवे और सीड्स जैसे फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं।
- कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए ओमेगा-3 फैटी एसिड वाली चीजें जैसे मछली, अखरोट और अलसी भी हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माने जाते हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए नियमित व्यायाम की भी सलाह दी जाती है। सप्ताह में कम से कम 150 मिनट तीव्रता वाली शारीरिक गतिविधि की आपके लिए फायदेमंद हैं। इससे बैड कोलेस्ट्रॉल घटाने और गुड कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
धूम्रपान छोड़ना, वजन नियंत्रित रखना, पर्याप्त नींद लेना और तनाव कम करना कोलेस्ट्रॉल और दिल की सेहत ठीक रखने में मददगार है। जिन लोगों का कोलेस्ट्रॉल हाई रहता है और हृदय रोगों का जोखिम है, उन्हें डॉक्टर की सलाह अनुसार दवाएं लेनी चाहिए।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।