आपने भी अपने आस-पास कई ऐसे मामले जरूर सुने होंगे जिसमें छोटे बच्चे ने सिक्के, गोली या कोई चीज गलती से निगल ली हो। कई बार ऐसी स्थितियों में जान तक चली जाती है। मनोवैज्ञानिक तौर पर देखें तो छोटे बच्चे अतिजिज्ञासु होती है। वे हर चीज को छूकर, चखकर और मुंह में डालकर समझने की कोशिश करते हैं। यही आदत कई बार उन्हें गंभीर खतरे में डाल सकती है।
Health Alert: बच्चे ने निगल ली है कोई खतरनाक चीज? कैसे करें इसकी पहचान, तुरंत क्या उपाय करें
यदि बच्चे ने कोई चीज निगल ली है, तो शरीर तुरंत कुछ संकेत देता है। सबसे आम लक्षण है अचानक खांसी या दम घुटने जैसे लक्षण। यह संकेत देता है कि वस्तु श्वास नली में फंस गई है। आइए जानते हैं कि इसमें तुरंत क्या करना चाहिए?
पहले इंदौर का पूरा मामला जान लीजिए
इंदौर में हाल ही में एक 6 महीने के बच्चे ने खेलते-खेलते स्टील का लगभग डेढ़ इंच का एक ढक्कन अपने मुंह में डाल लिया। यह ढक्कन बच्चे के गले में जाकर फंस गया। ढक्कन फंसने के कारण उसे सांस लेने में अत्यधिक कठिनाई होने लगी। बच्चे की बिगड़ती हालत को देखकर परिजन अस्पताल ले गए।
A post shared by Amar Ujala (@amarujala)
अस्पताल में बच्चे कीगंभीरता को देखते हुए तत्काल इलाज शुरू किया गया। सर्जन डॉ. सर्वप्रिया शर्मा और उनकी टीम ने बड़ी सावधानी से बिना किसी बड़ी सर्जरी के उस ढक्कन को गले से बाहर निकालकर बच्चे की जान बचाई।
ऐसी घटना किसी भी घर में हो सकती है, इसलिए ये जानना जरूरी है कि इस स्थिति में क्या किया जाना चाहिए?
मनोचिकित्सक बताते हैं, बच्चों की प्राकृतिक जिज्ञासा और विकास की प्रक्रिया उनमें इस खतरे को बढ़ा देती है।
- अमेरिकन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के अनुसार, इस उम्र के बच्चों में हाथ और मुंह के बीच तालमेल तेजी से विकसित होता है, जिससे वे आसानी से छोटी चीजें उठा लेते हैं।
- उन्हें खतरे का अंदाजा नहीं होता, इसलिए वे सिक्के, बैटरी, पिन, खिलौनों के हिस्से जैसी चीजें भी निगल सकते हैं।
- घर में बिखरी छोटी वस्तुएं, खुले में रखी दवाइयां या सिक्के जैसी छोटी चीजें बच्चों के लिए बड़ा खतरा बन सकती हैं।
- बच्चों का दांत निकलने का समय भी उन्हें चीजें मुंह में डालने के लिए प्रेरित करता है।
कैसे जानें बच्चे ने कुछ खतरनाक निगल लिया है?
विशेषज्ञ बताते हैं, यदि बच्चे ने कोई खतरनाक चीज निगल ली है, तो माता-पिता या आसपास के लोग इसका आसानी से पहचान कर सकते हैं।
- बच्चा अगर कुछ भी निगल लेता है तो ये सांस की नली में फंस सकता है जिसके कारण अचानक खांसी या दम घुटने जैसे लक्षण दिख सकते हैं।
- इसके अलावा सांस लेने में दिक्कत, सीटी जैसी आवाज आने, मुंह या होंठ नीला पड़ने जैसे संकेत भी दिखते हैं।
- कुछ मामलों में जब वस्तु पेट में चली जाती है तो पेट में दर्द, उल्टी, बुखार या मल में खून जैसे लक्षण बाद में दिख सकते हैं।
ऐसी स्थिति में तुरंत क्या करें?
यदि बच्चे ने अचानक कुछ निगल लिया है और खांसी-दम घुटने जैसे लक्षण दिख रहे हैं, तो तुरंत कुछ जरूरी उपाय करें।
- बच्चे को खांसने दें इससे फंसी हुई चीज बाहर निकलने की संभावना अधिक होती है।
- बच्चे को कुछ भी खाने-पीने को न दें। यह स्थिति को और बिगाड़ सकता है।
- यदि वस्तु सांस की नली में फंस रही हो तो तुरंत डॉक्टर के पास ले जाएं, ये मेडिकल इमरजेंसी है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, घर में छोटे बच्चे हैं तो 3 सेंटीमीटर से छोटी कोई भी वस्तु बच्चे की पहुंच से दूर रखें। बटन, बैटरियां, चुंबक और दवाइयों को हमेशा सुरक्षित कंटेनर में रखें। बच्चों को खाना देते समय उन्हें आराम से खिलाएं, खाना फंसने का भी डर होता है। टॉफी जैसी ठोस चीजें भी गले में फंस सकती हैं, बच्चों को इसे सावधानी से खिलाएं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
