फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Karwa Chauth 2022: प्रेम और विश्वास का प्रतीक करवाचौथ का चांद, सुखी दांपत्य जीवन के लिए लें ये प्रेरणा

Tue, 11 Oct 2022 04:33 PM IST
स्वाति शैवाल लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: स्वाति शैवाल Updated Tue, 11 Oct 2022 04:33 PM IST
विज्ञापन
Karwa Chauth 2022: celebrate the bond of love and trust From Karwa Chauth Ka Chand
चांद से सुदीर्घ दाम्पत्य जीवन का पर्व - फोटो : Facebook

खूबसूरत सा चमकता चांद, जैसे आसमान के माथे पर सजा मांग टीका, जैसे उम्मीदों की अंगूठी में सजा हीरा, जैसे मन की देहरी पर जगमग दीपक और जैसे जीवन को मजबूती देता विश्वास का उजाला। चांद यूँही कविताओं-कहानियों और किंवदंतियों में प्रेम और माधुर्य का प्रतीक नहीं बन गया। उसके गुणों ने उसे यह स्थान दिलाया है। यह केवल बाहरी रूप सौंदर्य की बात भी नहीं, प्रकृति ने चांद को जो गुण दिए हैं उनके कारण उसका महत्व और भी बढ़ जाता है।  



करवाचौथ का व्रत चांद की खूबसूरती और गुणों को सार्थकता प्रदान करता है। दाम्पत्य जीवन को और मजबूती देने वाला व प्रेम को गहरा बनाने वाला यह व्रत और त्यौहार कई संदेश भी देता है। रिश्तों में हमेशा की ऊर्जा और भरोसे को बनाये रखने का संदेश भी इससे ग्रहण किया जा सकता हैं। इस पर्व के साथ मन को और भी गहराई से जोड़ने का अवसर मिलता है। जानिए कैसे चांद से पा सकते हैं दाम्पत्य को सुदीर्घ और सुखमय बनाये रखने की प्रेरणा।  

Karwa Chauth 2022: celebrate the bond of love and trust From Karwa Chauth Ka Chand
मन से मजबूत रहे रिश्ते की नींव - फोटो : istock

शीतलता का गुण 

रात के काले, घने आसमान में चमकते चांद की आभा ठंडक देने वाली होती है। दिनभर की थकान हो या दो-तीन दिनों से मन पर छाये काले आसमान हों, जब बादलों के छंटने पर चांद दिखाई देता है तो मन को सुकून मिलता है। चांद की यही शीतलता मन और व्यवहार में उतार ली जाए तो जीवन भी और आनंदमय बन सकता है। कभी तकरार, बहस या मनमुटाव के दौरान जब गुस्सा सीमा पार कर जाता है तब यदि इस शीतलता को याद रखा जाये तो बड़े से बड़ा झगड़ा या मनमुटाव टल सकता है क्योंकि अक्सर यही मनमुटाव रिश्तों में दरार का कारण बन जाता है। कोशिश करें कि यदि आपस में प्रेम है, एक दूसरे की परवाह है तो कभी कभार के झगड़े को भी लम्बा न खींचें। बहस हो लेकिन उसका अंत किसी प्रेमपूर्ण समाधान में ही हो। शांति और सुकून जीवन को खुशहाल बनाने में हमेशा मदद करते हैं, याद रखियेगा। 

Karwa Chauth 2022: celebrate the bond of love and trust From Karwa Chauth Ka Chand
प्रेम का बने रहना जरूरी है - फोटो : istock

दाग होते हुए भी अद्वितीय 

कहानियां हों या नानी- दादी के किस्से। चन्द्रमा को लेकर अनगिनत बातें हम बचपन से सुनते आ रहे हैं। इसमें से ही एक है चांद पर दाग होने की बात। इन दागों को लेकर भी कई कहानियां हैं लेकिन इसके बावजूद चांद को हमेशा सौंदर्य के उदाहरण के रूप में प्रयोग में लाया जाता है। कितने ही मुहावरे और पंक्तियाँ हैं, मसलन- चांद जैसा रूप, चांद का टुकड़ा, चार चांद लगाना, ये सब किसी भी व्यक्ति, वस्तु या स्थिति की खूबसूरती और महत्व को प्रदर्शित करने के लिए कहे जाते हैं। इसी तरह दाम्पत्य जीवन में एक-दूसरे के बाहरी रूप की बजाय यदि गुणों को प्राथमिकता दी जाए, प्रेम और भावनाओं का मान रखा जाए तो रिश्ते में बाधा बनने वाली कई समस्याएं जड़ से खत्म हो सकती हैं। आपका पार्टनर कितना केयरिंग है, परिवार के प्रति कितना समर्पित है, हर बात में आपके साथ खड़ा रहता है/रहती है, बस यही बात मायने रखती है। इसकी को ध्यान में रखिये और जीवन को खुशहाल बनाइये। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Karwa Chauth 2022: celebrate the bond of love and trust From Karwa Chauth Ka Chand
रिश्ते की लम्बी उम्र की कामना - फोटो : डेमो

दीर्घायु का प्रतीक 

अक्सर यह नारा लगाया जाता है, जब तक सूरज-चांद रहेगा। इसे किसी  व्यक्ति की लम्बी उम्र की कामना से जोड़ा जाता है। कि जैसे आसमान में चांद अनंत वर्षों के लिए है, मेरे प्रियजन की उम्र भी दीर्घायु हो और यहां दीर्घायु होने की कामना शारीरिक स्थिति के अलावा व्यवहारिक उपस्थिति और रिश्तों के दीर्घायु होने की कामना से भी जुड़ी होती है। एक विशेष बंधन में बंधे दम्पति एक-दूसरे का प्रेमपूर्ण और सुदीर्घ साथ चाहते हैं। यही कारण है कि चांद को इस पर्व का विशेष प्रतीक मानकर पूजा जाता है। दीर्घायु या लम्बा साथ होने का यह एहसास एक संबल भी बनता है, जो मुश्किल घड़ी में हौसला बढ़ाता है और सुखद भविष्य के लिए योजनाएं बनाने में मदद करता है, और मिलकर भविष्य के सपने संजोने का मतलब ही तो एक अच्छे रिश्ते को मजबूती से आगे बढ़ाना भी होता है। 

विज्ञापन
Karwa Chauth 2022: celebrate the bond of love and trust From Karwa Chauth Ka Chand
रिश्ते की सम्पूर्णता का एहसास - फोटो : फाइल फोटो

चांदनी सी रौशनी 

रात में जब आसमान की चादर पर चांद मुस्कुराता है तो एक संतुष्टि, एक सम्पूर्णता का एहसास देता है। यह एहसास होता है चांद की चांदनी के उजास से भर जाने का, एक आश्वस्ति का कि अँधेरे को मिटाने के लिए चांद के भीतर की ऊर्जा वातावरण में फ़ैल गई है। यह एक सकारात्मक सोच है और यही सोच दाम्पत्य जीवन को भी सशक्त बनाती है। जब कभी दुःख या मुश्किल घड़ी का अन्धेरा जीवन के आस-पास घिर जाता है, तब आपके भीतर का उजाला उसे पार करने में मदद कर सकता है लेकिन यह उजाला आपके आपसी प्रेम और विश्वास से फैलता है। इसलिए एक-दूसरे के प्रति समर्पण और विश्वास पर रिश्ता बनाइये, न कि ढेर सारी अपेक्षाओं, शंकाओं और तुलनाओं का। आपके भीतर की सकारात्मक ऊर्जा और रौशनी, दूसरों को भी प्रेरित करेगी। 

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें  लाइफ़ स्टाइल से संबंधित समाचार (Lifestyle News in Hindi), लाइफ़स्टाइल जगत (Lifestyle section) की अन्य खबरें जैसे हेल्थ एंड फिटनेस न्यूज़ (Health  and fitness news), लाइव फैशन न्यूज़, (live fashion news) लेटेस्ट फूड न्यूज़ इन हिंदी, (latest food news) रिलेशनशिप न्यूज़ (relationship news in Hindi) और यात्रा (travel news in Hindi)  आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़ (Hindi News)।  

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed