Snowfall Places: दिसंबर में बर्फ ही बर्फ! भारत की इस जगहों पर करीब से देखें बर्फीले पहाड़
Best Snowfall Places to Visit: मौसम की पहली बर्फबारी देखनी हो तो दिसंबर में भारत की कुछ खास जगहों पर सफर के लिए जा सकते हैं। यहां सफेद बर्फ की चादर स्थल के सौन्दर्य को बढ़ा देती हैं।
भारत की बेहतरीन जगहें जहाँ दिसंबर में होती है बर्फबारी
मनाली, हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश का लोकप्रिय हिल स्टेशन मनाली दिसंबर में घूमने के लिए बेस्ट जगह है। यहां बर्फ और रोमांस का क्लासिक मेल देखने को मिलता है। मनाली की बर्फबारी कभी फैशन से बाहर नहीं होती। दिसंबर में यहां की पहाड़ियां, सेब के बाग, रोहतांग और सोलांग घाटी खूबसूरती की मिसाल बन जाते हैं। स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग और स्नो बाइकिंग मनाली को विंटर एडवेंचर की राजधानी बनाते हैं।
औली, उत्तराखंड
उत्तराखंड स्थित औली को भारत का मिनी स्विट्ज़रलैंड कहा जाता है। दिसंबर में औली की बर्फ ऐसी लगती है जैसे प्रकृति ने खुद सफेदी को तराशकर धरती पर बिछा दिया हो। यहां की ढलानें स्कीइंग के लिए विश्व-स्तरीय मानी जाती हैं और नंदा देवी पर्वत का दृश्य दिल में अटक जाता है, जैसे समय रुक गया हो।
गुलमर्ग, कश्मीर
बर्फबारी देखनी है तो कश्मीर से बेहतर कुछ नहीं। यहां गुलमर्ग में दिसंबर के महीने में बर्फबारी देखनो को मिलती है। इस दौरान धरती का स्वर्ग यानी कश्मीर बर्फ से ढक जाता है। कश्मीर की सर्दी सिर्फ ठंडी नहीं, बल्कि खूबसूरत भी लगती है। गुलमर्ग में दिसंबर से लेकर फरवरी तक भारी बर्फबारी होती है। यहां की गोंडोला राइड आपको बादलों से ऊपर की दुनिया दिखाती है जहां हर पेड़, हर छत, हर रास्ता बर्फ से लदा होता है।
शिमला, हिमाचल प्रदेश
विंटर हॉलीडे का सबसे पुराना और भरोसेमंद स्थान शिमला है। दिसंबर में अक्सर शिमला में शुरुआती बर्फबारी देखने को मिलती है। द रिज, कुफरी और मशोबरा जैसी जगहों पर सफेद बर्फ की परतें हर उम्र के यात्रियों को रोमांचित कर देती हैं। यह उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो कम एडवेंचर और ज्यादा सुकून चाहते हैं।