Bageshwar Dham Kaise Jaiye: 2026 में हनुमान जन्मोत्सव 2 अप्रैल को मनाया जा रहा है। इस मौके पर अगर आप महावीर बजरंग बली के दर्शन करना चाहते हैं तो बागेश्वर धाम की यात्रा पर जा सकते हैं। बागेश्वर धाम सरकार का मंदिर आज देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक बन चुका है। यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। यहां आकर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। इस मौके पर यहां पहुंचकर बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश धीरेंद्र शास्त्री जी के दर्शन भी प्राप्त किए जा सकते हैं।
Delhi To Bageshwar Dham: दिल्ली से बागेश्वर धाम कैसे जाएं? जानिए पूरा रूट और खर्च
Hanuman Jayanti 2026: दिल्ली से बागेश्वर धाम जाने के लिए आप ट्रेन, बस या कार का विकल्प चुन सकते हैं। सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन छतरपुर, मध्य प्रदेश है। वहां से टैक्सी या ऑटो द्वारा बागेश्वर धाम पहुंचा जा सकता है। कुल खर्च 500 से 2000 रुपये तक हो सकता है, जो यात्रा के साधन पर निर्भर करता है।
कहां स्थित है बागेश्वर धाम सरकार का मंदिर?
सबसे पहले तो ये जान लें कि बागेश्वर धाम सरकार का मंदिर मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित है। मंदिर जिले के गढ़ा नामक गांव में है जो खजुराहो-पन्ना मार्ग पर मौजूद है। खजुराहों से मंदिर लगभग 25 किमी और छतरपुर से लगभग 32-35 किमी दूर है। यह प्राचीन सिद्ध मंदिर हनुमान जी के स्वरूप बागेश्वर बाला जी को समर्पित है।
दिल्ली से बागेश्वर धाम कैसे जाएं?
ट्रेन से यात्रा
दिल्ली से बागेश्वर धाम की यात्रा बजट में करना चाहते हैं तो रेल मार्ग अपनाएं। नई दिल्ली से छतरपुर के लिए आपको ट्रेन मिल सकती है। वैसे मंदिर से नजदीकी रेलवे स्टेशन खजुराहो है, यहां के लिए भी ट्रेन उपलब्ध हैं। दिल्ली से छतरपुर (MCSC) के लिए दो ट्रेनें हैं।
पहली, वंदे भारत एक्सप्रेस जो कि सुबह 6 बजे निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से रवाना होती है और दोपहर 1.16 पर छतरपुर पहुंचती है। इसका किराया लगभग 1500 रुपये है।
दूसरी, ट्रेन गीता जयंती एक्सप्रेस है जो शाम 6.20 से रवाना होकर सुबह 6 बजे गंतव्य पर पहुंच जाती है। इसका स्लीपर का किराया 380 रुपये और 3 एसी का एक हजार रुपये है।
यही दोनों ट्रेन दिल्ली से खजुराहो रेलवे स्टेशन तक जाती हैं। छतरपुर स्टेशन से बागेश्वर धाम की दूरी लगभग 30-35 किमी है, जहां से ऑटो या टैक्सी आसानी से मिल जाती है।
बस से यात्रा
दिल्ली से छतरपुर या खजुराहो के लिए डायरेक्ट या कनेक्टिंग बसें मिलती हैं। इसका किराया लगभग 500 रुपये से 1500 रुपये तक है जो कि बस के प्रकार पर निर्भर करता है। बस से यात्रा बजट फ्रेंडली होती है, लेकिन समय थोड़ा ज्यादा लग सकता है।
कार से यात्रा
अगर आप रोड ट्रिप पसंद करते हैं, तो कार से जाना सबसे अच्छा विकल्प है। नई दिल्ली से बागेश्वर धाम के लिए रूट आगरा, ग्वालियर, झांसी से होते हुए छतरपुर है। इस सफर में लगभग 650 से 700 किमी की दूरी तय करनी होगी, जिसमें 10 से 12 घंटे का समय लग सकता है। पेट्रोल या डीजल पर 4000 रुपये से 7000 रुपये तक आने जाने का खर्च आ सकता है।
बागेश्वर धाम यात्रा का कुल खर्च
अगर आप बजट ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो बागेश्वर धाम यात्रा का खर्च लगभग 500 से 1000 रुपये तक आ सकता है। मिड रेंज में खर्च बढ़कर 1000 रुपये से 2500 रुपये और कार से यात्रा करने पर 5000 रुपये से अधिक व्यय हो सकता है।
यात्रा के जरूरी टिप्स
ध्यान रखें कि बागेश्वर धाम में हमेशा ही भीड़ रहती है और हनुमान जन्मोत्सव पर यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मिल सकती है। इसलिए सुबह जल्दी यात्रा शुरू करें। यहां मंगलवार और शनिवार को ज्यादा भीड़ रहती है। गर्मी में सफर कर रहे हैं, इसलिए यात्रा के लिए पानी और हल्का भोजन साथ रखें। भीड़ से होने वाली परेशानी से बचने के लिए लोकल ट्रांसपोर्ट पहले से प्लान कर लें।