क्या आप भी अक्सर किसी एक काम में ज्यादा देर तक मन नहीं लगा पाते हैं? मन हमेशा परेशान और व्याकुल रहता है? इस तरह की समस्याओं से बचे रहने के लिए नियमित रूप से योगासनों का अभ्यास करना अपके लिए फायदेमंद हो सकता है। हम सभी को दिन-प्रतिदिन के विभिन्न कार्यों को करने के लिए ध्यान और एकाग्रता की आवश्यकता होती है, लेकिन यदि आप काम में ज्यादा देर तक ध्यान लगा पाने में असमर्थता महसूस करते हैं, मन बार-बार भटक जाता है, तो इस बारे में गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। आपकी यह आदत आपकी उत्पादकता को प्रभावित कर सकती है।
आज का योग: काम में नहीं लगता है मन या अक्सर रहते हैं तनाव से घिरे? इन योगासनों के अभ्यास से मिलेगा लाभ
वृक्षासन योग का अभ्यास
वृक्षासन योग या ट्री पोज, शुरुआती स्तर का हठ योग आसन है। जैसा कि नाम से पता चलता है इस मुद्रा में शरीर की स्थिति पेड़ के आकार की करनी होती है। आदर्श रूप से आपको यह आसन सुबह खाली पेट करना चाहिए। मन को शांत करने के साथ एकाग्रता को बढ़ाने के लिए इस योग का अभ्यास करना लाभदायक हो सकता है। वृक्षासन योग, शरीर में रक्त के संचार को व्यवस्थित रखने में भी मदद करता है, जिससे कई तरह की बीमारियों का जोखिम भी कम होता है।
पश्चिमोत्तानासन योग
पश्चिमोत्तानासन योग का अभ्यास मस्तिष्क में नई ऊर्जा के संचार को बढ़ावा देने में मददगार माना जाता है। यह आसन रीढ़ को फैलाने, मस्तिष्क को शांत करने और तनाव तथा हल्के अवसाद को दूर करने में मदद करता है। पश्चिमोत्तानासन का अभ्यास चिड़चिड़ापन और क्रोध जैसी नकारात्मक भावनाओं को कम करता है और आपके शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है। यह पेट और पेल्विक अंगों की मालिश और टोन करने के लिए भी एक बेहतरीन योग मुद्रा है। मन की एकाग्रता में सुधार करने के लिए इस योग का नियमित अभ्यास किया जाना चाहिए।
भ्रामरी प्राणायाम
किसी भी तरह के प्राणायाम को मानसिक स्वास्थ्य के लिए विशेष लाभकारी माना जाता है। भ्रामरी प्राणायाम आपकी याददाश्त और एकाग्रता दोनों को बेहतर बनाने में मदद करता है। यह आपको क्रोध, निराशा और चिंता से तुरंत राहत पाने में भी मदद करता है। इस योग के अभ्यास के दौरान मधुमक्खी जैसी आवाज आती है, यह योग आत्मविश्वास बढ़ाने और रक्तचाप को कम करने में भी मददगार माना जाता है। रोजाना इस योग के अभ्यास से सेहत को कई तरह के लाभ हो सकते हैं।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।