राजधानी जयपुर के हरमाड़ा इलाके में सोमवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार, अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। मृतकों और घायलों को कांवटिया हॉस्पिटल और एसएमएस ट्रॉमा सेंटर में लाया गया है। ट्रॉमा सेंटर में अब तक पांच शव और आठ गंभीर घायलों को भर्ती किया गया है, जिनका उपचार जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि कुछ घायलों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
जयपुर भीषण सड़क हादासा: ट्रॉमा सेंटर में पहुंचे पांच शव, उन्हें देख फूट-फूट कर रो पड़े परिजन; आठ गंभीर घायल
Jaipur Horrific Road Accident: जयपुर के हरमाड़ा हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत और एक दर्जन से अधिक घायल हुए हैं। ट्रॉमा सेंटर में पांच शव और छह गंभीर घायलों का इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री ने दो मंत्रियों को मौके पर भेजकर राहत व्यवस्था तेज करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने भेजे मंत्री, अधिकारियों को दिए बेहतर इलाज के निर्देश
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तत्काल कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा और सुरेश सिंह रावत को ट्रॉमा सेंटर भेजा। दोनों मंत्रियों ने वहां पहुंचकर चिकित्सकों से मुलाकात की और घायलों को हर संभव बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं, कुछ देर बाद स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने अस्पताल पहुंचकर मृतकों के परिजनों और घायलों से मिलकर उनका हाल जाना। इधर, ट्रॉमा सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. बी.एल. यादव ने बताया कि घायलों का इलाज तेजी से किया जा रहा है और कुछ को कांवटिया हॉस्पिटल रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Accident: कार को टक्कर मारने के बाद पांच गाड़ियों से टकराया डंपर, 50 को रौंदा; 13 लोगों की मौत
ट्रॉमा सेंटर के बाहर परिजनों का कोहराम, रिश्तेदार दे रहे सांत्वना
हादसे में अपने परिजनों को खो चुके लोगों का ट्रॉमा सेंटर के बाहर रो-रो कर बुरा हाल है। कई रिश्तेदार और परिचित उन्हें ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन माहौल शोक और मातम से भरा हुआ है। निवाई निवासी महेश मीणा और सुरेश मीणा के भाई हरिराम मीणा और हर सहाय मीणा ने बताया कि उन्हें हादसे की सूचना फोन पर मिली। दोनों लोग सीकर से काम खत्म कर जयपुर लौट रहे थे, जब डंपर की चपेट में आ गए। परिजनों ने बताया कि दोनों भाई शादी-ब्याह के आयोजनों में पूड़ियां तलने का काम करते थे और रोजी-रोटी के सिलसिले में जयपुर आए थे।
ट्रॉमा सेंटर के बाहर भारी पुलिस बंदोबस्त, जनप्रतिनिधियों का जमावड़ा
घटना के बाद से ट्रॉमा सेंटर के बाहर भारी पुलिस बंदोबस्त किया गया है। कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं ताकि किसी प्रकार की अफरातफरी या भीड़ का दबाव न बढ़े। वहीं, जयपुर लोकसभा सांसद मंजू शर्मा सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायलों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
यह भी पढ़ें- Bikaner News: कोच अटेंडेंट ने चलती ट्रेन में सैन्य जवान को चाकू मारा, मौके पर हुई मौत के बाद मचा हड़कंप
