हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की बैठक गुरुवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में शिमला में आयोजित की गई। बैठक में रोजगार, कर्मचारियों व जन कल्याण से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए हैं। कैबिनेट ने विभिन्न विभागों में सैकड़ों पदों को भरने का फैसला लिया है। साथ ही कई कर्मचारी श्रेणियों का मानदेय बढ़ाने, नए जलशक्ति मंडल व पटवार सर्कल खोलने, स्कूलों-पशु औषधालयों को अपग्रेड करने का भी निर्णय लिया। राज्य के भीतर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों में महिलाओं का आधा किराया ही लगेगा, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में एक मई के बाद पेयजल भी मुफ्त मिलेगा। प्रदेश में 25000 से ज्यादा कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने को भी मंजूरी दी है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य सचिवालय शिमला में हुई कैबिनेट बैठक में इन बहुप्रतीक्षित फैसलों को मंजूरी दी गई। इससे पहले इन सुविधाओं की घोषणा 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस पर चंबा में मुख्यमंत्री ने की थी। अब अधिसूचना जारी होते ही इनका लाभ प्रदेश की जनता को मिल जाएगा। एचआरटीसी की राज्य के भीतर चलने वाली साधारण बसों में महिला यात्रियों को अभी तक 25 प्रतिशत किराये में छूट मिलती थी। कैबिनेट ने अब इस छूट को 50 प्रतिशत कर दिया है।
Himachal Cabinet Decisions: एचआरटीसी बसों में महिलाएं देंगी आधा किराया, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल मुफ्त, 25000 कर्मियों का बढ़ा मानदेय
परिवहन निगम के बेड़े में जुड़ेंगी 360 नई बसें
कैबिनेट ने 360 बसें और अन्य वाहन खरीदने की भी मंजूरी दी है। इसके लिए सरकार ने 160 करोड़ रुपये का सावधि ऋण लेने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम(एचआरटीसी) के पक्ष में सरकारी गारंटी प्रदान करने का फैसला लिया है। इससे लोगों को बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
दो निशुल्क एलपीजी सिलिंडर मिलेंगे
कैबिनेट ने मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के लाभार्थियों को मुफ्त गैस कनेक्शन में एक भरे सिलिंडर और एक रिफिल के अलावा अब दो और सिलिंडर मुफ्त रिफिल देने की मंजूरी दी है। कैबिनेट ने यह भी फैसला लिया कि नियमित सरकारी महिला कर्मचारियों को बच्चा गोद लेने की सूरत में 12 सप्ताह तक अवकाश दिया जाएगा।
इनका मानदेय बढ़ाया
कैबिनेट ने एसएमसी में नियुक्त सभी 2477 अध्यापकों के मानदेय में 1 अप्रैल से प्रतिमाह 1000 रुपये, मिड-डे मील योजना के तहत कार्यरत 20,650 से ज्यादा कर्मियों के मानदेय में 900 रुपये प्रतिमाह वृद्धि को मंजूरी दी। पटवार वृत्तों में कार्यरत सैकड़ों अंशकालिक कर्मचारियों का मानदेय 4100 से बढ़ाकर 5000 रुपये प्रतिमाह करने और लंबरदारों का 2300 से बढ़ाकर 3200 रुपये प्रतिमाह करने को भी मंजूरी दी।
अंशकालिक जलवाहकों का मानदेय बढ़ाया
शिक्षा विभाग में कार्यरत 581 अंशकालिक जलवाहकों के मानदेय मेें भी प्रतिमाह 900 रुपये बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। कैबिनेट ने हिमाचल प्रदेश बाल कल्याण परिषद की ओर से संचालित हिमाचल प्रदेश बाल-बालिका आश्रमों, राज्य व जिला बाल संरक्षण इकाइयों के अलावा राज्य अडॉप्शन संसाधन एंजेंसी/बाल संरक्षण सेवा कार्यक्रमों में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन/मानदेय में वृद्धि करने को स्वीकृति प्रदान की। इससे इन संस्थानों में कार्यरत 247 कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
