हिमाचल में दोबारा बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। 19 से 21 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। 22 से प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। उधर, न्यूनतम तापमान गिरने से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्र शीतलहर की चपेट में हैं।
शीतलहर की चपेट में हिमाचल, जम गए नदी-नाले, राज्य में फिर बारिश और बर्फबारी के आसार
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में नदी-नाले और प्राकृतिक झीलें जम गई हैं। मैदानी क्षेत्रों में कोहरा पड़ने से सुबह और शाम के समय वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। बुधवार को राजधानी शिमला में मौसम मिलाजुला बना रहा। धूप खिलने के साथ-साथ हल्के बादल भी छाए रहे।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से गुरुवार से मौसम खराब होने के आसार हैं। उधर, बीते दिनों हुई बर्फबारी से अभी भी कई जिलों में दुश्वारियां बरकरार हैं। चंबा जिले में बर्फबारी के बाद से जनजीवन सामान्य नहीं हो पा रहा है। जिले में अभी तक 350 ट्रांसफार्मर और करीब 150 मार्ग बर्फबारी के बाद भी बंद पड़े हैं।
रामपुर और किन्नौर में अभी तक कई ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें बंद होने से निगम की बसों की आवाजाही ठप है। कुल्लू, किन्नौर, लाहौल में भी कई जगह बिजली और पीने के पानी की सप्लाई अभी बाधित है। बुधवार को प्रदेश भर में धूप खिलने के बावजूद अधिकतम तापमान में सामान्य से दो डिग्री की कमी दर्ज हुई।
क्षेत्र न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
केलांग - 13.8
कल्पा - 4.6
मनाली - 2.8
सुंदरनगर - 0.5
भुंतर - 0.4
चंबा 0.6
सोलन 0.4
धर्मशाला 2.1
शिमला 4.0