हिमाचल में पटवारी भर्ती के लिए पीएचडी, एमफिल, एमएससी, एमटेक, एमबीए व उच्च स्तर के डिग्रीधारक आवेदनकर्ताओं के बावजूद 114 पद खाली रह गए। राजस्व और बंदोबस्त विभाग में पटवारी के 1195 पदों के लिए 3.04 लाख अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा दी थी, लेकिन 1195 पदों के लिए मात्र 1081 अभ्यर्थी ही पास हो सके। इसमें 97 राजस्व पटवारियों और 17 पद बंदोबस्त विभाग में रिक्त रह गए। कांगड़ा-शिमला में 22-22, चंबा में 8 और सोलन में छह पद खाली रह गए। खाली रहे पदों को अब अगली बार ही भरा जाएगा।
तीन लाख अभ्यर्थियों में भी नहीं मिले 1195 पटवारी
प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बावजूद रिक्त पदों से कम अभ्यर्थियों का परीक्षा में पास होना शिक्षा के स्तर पर सवाल खड़े करता है। हालांकि पटवारी भर्ती के लिए पात्रता सिर्फ जमा दो कक्षा पास ही थी। बंदोबस्त के 262 पदों के लिए 245 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में पास हुए हैं। इसके अलावा राजस्व विभाग में कुल रिक्त पदों में से किन्नौर जिले में ही पूरे 19 में से 19 पद भरे गए हैं। इसके अलावा किसी भी जिले में पूरे पद नहीं भरे गए हैं।
लिखित परीक्षा के बाद अभी पास अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच होनी है। इसमें भी कुछ अभ्यर्थी बाहर हो सकते हैं। ऐसे में पटवारी के 1195 पदों में से कई पद भर्ती के बाद भी रिक्त रह जाएंगे। लिखित परीक्षा से पहले सिर्फ आयु प्रमाण पत्र और फीस के ड्राफ्ट की ही जांच हो पाई है।
जिला रिक्त पद पास अभ्यर्थी
बिलासपुर 31 29
चंबा 68 60
हमीरपुर 80 77
कांगड़ा 220 198
किन्नौर 19 19
कुल्लू 42 35
मंडी 174 162
शिमला 115 93
सिरमौर 52 46
सोलन 63 56
ऊना 69 61
कुल 933 836