हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलते ही बुधवार को रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहे। गुरुवार को भी मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। 21 से 23 जनवरी तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी हुआ है। प्रदेश के मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में धुंध पड़ने का सिलसिला जारी है। इसके चलते सुबह और शाम के समय लोगों का कामकाज प्रभावित हो रहा है।
मौसम: रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर हिमपात, प्रदेश में दो दिन भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
कांगड़ा जिला के ऊपरी क्षेत्रों में भी बुधवार को बर्फबारी हुई। पर्यटन क्षेत्र इंद्रुनाग में बुधवार को पैराग्लाइडिंग नहीं हो पाई। उधर, प्रदेश में बुधवार शाम तक 129 सड़कें और 34 पेयजल योजनाएं ठप रहीं। लाहौल-स्पीति जिले में 111 सड़कें अभी भी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हैं।
बुधवार को सोलन में अधिकतम तापमान 17.0, सुंदरनगर-नाहन 15.7, बिलासपुर 15.0, हमीरपुर 14.7, चंबा 14.4, कांगड़ा 14.3, धर्मशाला-भुंतर 14.0, ऊना 13.0, शिमला 12.5, कुफरी 8.8, डलहौजी 7.5, कल्पा 5.6 और केलांग में माइनस 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
क्षेत्र न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
केलांग - 8.6
कल्पा - 1.6
मनाली 1.5
सोलन 3.2
चंबा 4.2
शिमला 5.1
धर्मशाला 5.6
क्षेत्र बर्फबारी (सेंटीमीटर में)
बारालाचा 20
कुंजुम दर्रा 15
रोहतांग 10