दशहरा की छुट्टियों में वीकेंड पर हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला सैलानियों से पैक हो गई है। शनिवार शाम रिज मैदान और मालरोड पर भारी संख्या में सैलानी पहुंचे। शुक्रवार शाम ही बड़ी संख्या में सैलानी शिमला आ गए थे। शनिवार को भी सैलानियों की आमद जारी रही। शनिवार दोपहर बाद शहर के सर्कुलर रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहर दो बजे ही लिफ्ट कार पार्किंग पैक होने के बाद टूरिस्टों ने गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी करनी शुरू कर दीं जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सैलानियों की आमद बढ़ने के बाद शिमला के साथ लगते पर्यटन स्थल कुफरी, नारकंडा, मशोबरा और नालदेहरा भी सैलानियों से गुलजार हो गए हैं।
पर्यटन: वीकेंड पर पहाड़ों की रानी शिमला सैलानियों से पैक, 20 अक्तूबर तक ट्रेनें बुक
20 अक्तूबर तक शिमला आने वाली ट्रेनें बुक
कालका से शिमला आने वाली सभी ट्रेनें 20 अक्तूबर तक के लिए एडवांस बुक हो गई हैं। रेल मोटर कार (04505) 21 अक्तूबर तक, शिवालिक डीलक्स स्पेशल (04527) 22 अक्तूबर तक, कालका शिमला स्पेशल (04529) 20 अक्तूबर तक, कालका शिमला स्पेशल (04543) 22 अक्तूबर तक, कालका शिमला स्पेशल (04517) 19 अक्तूबर तक के लिए एडवांस बुक हो गई है। कालका शिमला स्पेशल (04543) में तो इतनी लंबी वेटिंग है कि क्लीयर होने की कोई संभावना नहीं है। रेल मोटर कार (04506) शिमला से कालका के लिए भी 22 अक्तूबर तक एडवांस बुक हो चुकी है।
24 घंटे में 8000 पर्यटक वाहन हुए शहर में दाखिल
बीते 24 घंटों के भीतर करीब 8000 पर्यटक वाहन शोघी से शहर में दाखिल हुए हैं। शुक्रवार शाम और शनिवार दोपहर बाद शहर में सबसे अधिक पर्यटक वाहनों की एंट्री हुई है। डीएसपी ट्रैफिक शिमला अजय भारद्वाज ने बताया कि इस वीकेंड पर शिमला में टूरिस्ट वाहनों का फ्लो बढ़ा है। ऐसे प्वाइंट पर जहां वाहनों की भीड़ अधिक है राइडरों को भेजा जा रहा है। सर्कुलर रोड पर लिफ्ट के पास चार राइडर लगाए गए हैं, ट्रैफिक इंजार्च यहां खुद व्यवस्था संभाल रहे हैं।
पर्यटकों से तीर्थन, जिभी घाटी गुलजार
उधर, जिला कुल्लू की बंजार घाटी में त्योहारी सीजन में सैलानियों की आवाजाही बढ़ने लगी है। रोहतांग दर्रा के अलावा तीन माह बाद बंजार की तीर्थन व जिभी घाटी में सैलानी आने शुरू हो गए हैं। यहां पर होटलों व होमस्टे में ऑक्यूपेंसी 30 से 40 फीसदी तक बढ़ गई है। हालांकि बरसात के कारण घाटी की वादियां सुनसान पड़ गई थीं। अब जिलाभर में पर्यटन गतिविधियां शुरू हो गई है। इसका असर बंजार में दिखने लगा है। सैलानियों के आने से बंजार के पर्यटन व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे हैं। होटलों व होमस्टे में एडवांस बुकिंग आ रही है। तीर्थन के साथ सोझा, बाहू, जलोड़ी दर्रा, सरयोलसर व रघुपुरगढ़ में रौनक आ गई है।
होमस्टे मालिक वरूण भारती, ज्ञान भारती, हरीश ठाकुर, मोहर सिंह, डोला सिंह राणा, प्रकाश ठाकुर का कहना है कि डेढ़ साल तक कोरोना की वजह से बंजार घाटी के पर्यटन को बड़ा झटका लगा है। अब कोरोना संक्रमित कम होने से पर्यटन को गति मिलने लगी है। कहा कि अगर कोरोना में और कमी आती है तो पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होगा। सराज टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहर सिंह राठौर ने कहा कि कई महीनों बाद बंजार में पर्यटन को गति मिली है। बंजार घाटी में कई बाहरी लोगों ने होटल और होमस्टे को लीज पर लिया है। उन्हें कोरोना की वजह से भारी नुकसान उठाना पड़ा है। कहा कि अब घाटी की वादियों में सैलानी पहुंचना शुरू हो गए हैं।
