Temple Gadget: दिमाग को बूढ़ा होने से बचाएगा ये गैजेट, लॉन्च को लेकर सामने आया बड़ा अपडेट, जानें इसकी खूबियां
Temple Brain Health Gadget: जोमैटो के फाउंडर दीपिंदर गोयल ने एक ऐसे डिवाइस से पर्दा उठा दिया है, जो स्मार्टवॉच या रिंग नहीं, बल्कि सीधे आपके माथे पर सजेगा। Temple नाम का यह वियरेबल ग्रेविटी के असर को कम कर आपके दिमाग की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा कर सकता है। गोयल के दावों के अनुसार, दुनिया में इसके जैसा कोई दूसरा गैजेट नहीं है। जल्द ही इसकी वेटलिस्ट शुरू होने वाली है।
यह डिवाइस कोई आम गैजेट नहीं है, बल्कि 2025 में पब्लिश हुई दीपिंदर गोयल की अपनी रिसर्च पर आधारित है। रिसर्च के अनुसार, गुरुत्वाकर्षण (Gravity) का लगातार खिंचाव समय के साथ दिमाग में ब्लड सर्कुलेशन को खराब कर देता है। साथ ही खराब सर्कुलेशन से दिमाग के बूढ़ा होने की प्रक्रिया (Aging process) तेज हो जाती है। टेंपल इसी समस्या को हल करने के लिए बनाया गया है।
ये भी पढ़े: नथिंग ने साझा की Nothing Phone (4a) की झलक: डिजाइन में दिख रहे हैं बड़े बदलाव, 5 मार्च को लॉन्च हो रहा है फोन
यह वियरेबल सीधे आपके माथे (Temple) पर फिट होता है और निम्नलिखित काम करता है:
1. लाइव मॉनिटरिंग: यह दिमाग में ब्लड सर्कुलेशन और ऑक्सीजन लेवल में होने वाले सूक्ष्म बदलावों को ट्रैक करता है।
2. स्मार्ट डेटा: इसके जरिए मिलने वाला लाइव डेटा यह समझने में मदद करता है कि आपका पोस्चर (उठने-बैठने का तरीका), फिजिकल मूवमेंट और लाइफस्टाइल आपके दिमाग की हेल्थ को कैसे प्रभावित कर रहे हैं।
3. पर्सनलाइज्ड इनसाइट्स: यह आपको सचेत करेगा कि कब आपका लाइफस्टाइल आपके ब्रेन के लिए हानिकारक हो रहा है।
फिलहाल कंपनी ने इसकी सटीक लॉन्च डेट नहीं बताई है, लेकिन कमिंग सून के टैग ने उत्साह बढ़ा दिया है। इसी के साथ गोयल ने यूजर्स को सलाह दी है कि वेटलिस्ट की जानकारी के लिए Temple के आधिकारिक चैनल को फॉलो करें।