गर्मियां आते ही AC का इस्तेमाल बढ़ जाता है, लेकिन कई बार AC ऑन करने के घंटों बाद भी कमरा ठंडा नहीं होता। ऐसे में जब हम मैकेनिक को बुलाते हैं, तो सबसे पहला और रटा-रटाया जवाब मिलता है- "भैया, आपके AC की गैस खत्म हो गई है।" यह सुनते ही हमारे दिमाग में हजारों के खर्चे का मीटर घूमने लगता है।
AC Gas: मैकेनिक की 'गैस खत्म है' वाली बात में न आएं; बचाएं अपने हजारों रुपए, खुद चेक करें ये 5 बड़े संकेत!
AC Gas Refill Scam Explained: गर्मी के मौसम में AC की कूलिंग कम होते ही कई मैकेनिक बिना जांच के गैस खत्म होने की बात कह देते हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि AC की गैस सामान्य रूप से न तो खत्म होती है और न ही एक्सपायर होती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्या सच में खत्म या एक्सपायर होती है AC की गैस?
सबसे बड़ा मिथक यह है कि AC की गैस इस्तेमाल के साथ खत्म हो जाती है। सच्चाई यह है कि AC की गैस पेट्रोल या डीजल नहीं है जो जलकर खत्म हो जाए। यह तांबे के पूरी तरह से बंद पाइपों में गोल-गोल घूमती रहती है और इसकी कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती।
अगर आपके AC में गैस कम हुई है, तो इसका सिर्फ एक मतलब है- लीकेज। अगर पाइप या कॉइल में कोई बारीक छेद या लीकेज नहीं है, तो गैस आराम से 10 से 15 साल तक चल सकती है। हर एक-दो साल में गैस भरवाना एक धोखा है।
खुद कैसे पहचानें गैस कम है या नहीं?
अगर आपको शक है कि गैस कम है, तो मैकेनिक पर निर्भर रहने के बजाय खुद इन 5 चीजों पर गौर करें:
- कूलिंग गायब, सिर्फ हवा आना: AC लगातार चल रहा है, ब्लोअर से पूरी स्पीड में हवा भी आ रही है, लेकिन कमरे के तापमान में कोई गिरावट नहीं हो रही है।
- इनडोर यूनिट पर बर्फ जमना: अगर आपने AC के फिल्टर अच्छी तरह साफ कर दिए हैं, फिर भी अंदर वाली यूनिट की कॉइल्स पर सफेद बर्फ जम रही है, तो यह गैस का प्रेशर बिगड़ने का इशारा है।
- आउटडोर यूनिट के पतले पाइप पर बर्फ: घर के बाहर लगी यूनिट के पास जाएं और उसके पतले वाले पाइप को छुएं। अगर उस पर बर्फ की सफेद परत जमी है या वह बहुत ज्यादा ठंडा हो रहा है, तो गैस कम है।
- कंप्रेसर का बार-बार ट्रिप होना (ऑन/ऑफ): गैस कम होने पर कंप्रेसर पर ज्यादा लोड पड़ता है, जिससे वह कूलिंग मेंटेन नहीं कर पाता और बार-बार बंद-चालू होता है। इससे आपका बिजली का बिल भी बढ़ता है।
- बार-बार कूलिंग की समस्या आना: अगर आपने कुछ महीने पहले ही गैस डलवाई थी और फिर से कूलिंग कम हो गई है, तो मतलब मैकेनिक ने लीकेज ठीक किए बिना ही गैस डाल दी थी।
मैकेनिक से जरूर पूछें ये 4 तीखे सवाल
अगर मैकेनिक आकर 'गैस खत्म है' का दावा करे, तो उससे ये सवाल जरूर करें। इससे उसे समझ आ जाएगा कि आपको तकनीकी जानकारी है।
- "लाइव प्रेशर मीटर दिखाइए:" सिर्फ मुंह से बोलने पर भरोसा न करें। मैकेनिक से कहें कि वह AC में प्रेशर गेज मीटर लगाए और आपको लाइव रीडिंग दिखाए कि सिस्टम में कितनी गैस बची है।
- "लीकेज कहां है? मुझे दिखाइए:" गैस भरवाने से पहले मैकेनिक से कहें कि वह साबुन के पानी के झाग या इलेक्ट्रॉनिक लीक डिटेक्टर मशीन से लीकेज वाली जगह खोज कर दिखाए।
- "क्या आप सिस्टम को वैक्यूम करेंगे?:" यह सबसे अहम सवाल है। पूछें कि क्या वह पुरानी गैस निकालकर सिस्टम को वैक्यूम पंप से अच्छी तरह साफ करेगा? बिना वैक्यूम किए पुरानी हवा/नमी के ऊपर नई गैस डालना AC की लाइफ को बर्बाद कर देता है।
- "गैस तोलकर डालेंगे या अंदाजे से?:" आपके AC में कौन सी गैस डलेगी (R32, R410A या R22), यह सुनिश्चित करें। साथ ही, गैस हमेशा सिलेंडर को इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटे पर रखकर, मॉडल के अनुसार सही मात्रा में तोलकर डाली जानी चाहिए।