आप में से कई लोगों ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोकप्रिय टीवी सीरीज ब्लैक मिरर जरूर देखी होगी। ये सीरीज हमें एक ऐसे डिस्टोपियन फ्यूचर को दिखाती है, जहां पर तकनीक के विकास का इंसानों के व्यवहार पर क्या असर पड़ता है। टीवी श्रृंखला के एक एपीसोड में उस भविष्य को दिखाया गया है, जहां एक इंसान तकनीक की गिरफ्त में आकर वर्चुअल और वास्तविक दुनिया के बीच फर्क करना भूल जाता है। हमारा भविष्य भी कुछ ऐसा ही होने वाला है। अब हम एक मेटावर्स की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं, जहां पर वास्तविक दुनिया के साथ एक आभासी दुनिया भी होगी। इसी कड़ी में आज हम जानेंगे कि मेटावर्स क्या है और भविष्य की इस तकनीक के आने के बाद क्या वाकई हम वास्तविक और वर्चुअल दुनिया में फर्क करना भूल जाएंगे?
Metaverse: क्या है मेटावर्स, भविष्य की इस तकनीक के आने के बाद क्या वाकई हम वास्तविक और वर्चुअल दुनिया में फर्क करना भूल जाएंगे?
कैसी होगी मेटावर्स की दुनिया
आज जिस तरह हम वास्तविक दुनिया में एक दूसरे के साथ मिलते जुलते हैं। उसी तरह मेटावर्स की दुनिया में हम संवर्धित वास्तविकता (Augmented Reality) में एक दूसरे के साथ मिलना जुलना करेंगे। यही नहीं इस वर्चुअल दुनिया में हम और हमारे दोस्तों के वर्चुअल 3D अवतार (Avatars) होंगे, जिनके साथ हम मेटावर्स में कुछ भी कर सकेंगे, जिसे हम वास्तविक दुनिया में कर सकते हैं। यहां हम अपने रहने के लिए वर्चुअल घर और जमीन खरीद सकेंगे। मेटावर्स पर हम अपने दोस्तों के साथ डिस्को में एन्जॉय कर सकेंगे, उनके साथ खेल का लुत्फ उठा सकेंगे, फिल्में देख सकेंगे। हालांकि, इन सब चीजों को अंजाम देने के लिए हमारे वीआर बॉक्स का होना जरूरी होगा।
मेटावर्स बनेगा दुनिया का बड़ा बिजनेस प्लेटफॉर्म
मेटावर्स एक वर्चुअल दुनिया होगी। संवर्धित वास्तविकता की इस दुनिया में हम सभी का एक वर्चुअल प्रतिरूप होगा। आज जिस तरह हम गेमिंग दुनिया में अपने कैरेक्टर के लिए उपकरण और उसके अलग अलग कपड़े खरीदते हैं। उसी तरह मेटावर्स की दुनिया में लोग अपने प्रतिरूप के लिए कपड़े, जूते और हेयर स्टाइल को सुधारने के लिए पैसे खर्च करेंगे। उसी के समानांतर मेटावर्स पर वो लोग भी मौजूद होंगे, जो लोगों के डिजिटल अवतारों को कपड़े बेचने, हेयर स्टाइल सुधारने की सर्विस ऑफर करेंगे। ऐसे में मेटावर्स लोगों के लिए एक बहुत बड़ा बिजनेस प्लेटफॉर्म भी बनने वाला है।
कपड़ों, जूतों के कई बड़े ब्रांड्स मेटावर्स की दुनिया में कदम रखने की प्लानिंग करने लगे हैं। जल्द ही उनके वर्चुअल शॉप इस प्लेटफॉर्म पर आ जाएंगे। मेटावर्स पर इन चीजों को आप एनएफटी (Non Fungible Tokens) की सहायता से खरीद सकेंगे। ऐसे में इस प्लेटफॉर्म पर एक तरफ कई लोग सेवाओं का लाभ उठाएंगे। वहीं दूसरी तरफ कई लोग इन सेवाओं को बेचकर खूब पैसा कमाएंगे।
मेटावर्स पर आप अपने डिजिटल अवतारों (Avatars) के साथ बिजनेस मीटिंग का हिस्सा बन सकेंगे। आप और आपके सहयोगियों के हूबहू वर्चुअल रूप होंगे। आप उनके साथ मीटिंग कर सकेंगे। इसके अलावा आप मेटावर्स प्लेटफॉर्म पर अपने ऑफिस के सहकर्मियों के साथ काम भी कर पाएंगे। मेटावर्स पर काम करते वक्त आपको शानदार अनुभव मिलेगा। इस Augmented रियलिटी की दुनिया में आप अपने साथी कर्मचारियों के साथ पहाड़ों, नदियों या अन्य वर्चुअल सुंदर जगहों पर काम करने का अनुभव पा सकेंगे।