अबोहर मेयर चुनाव में बवाल: बहुमत के बावजूद AAP के गणेश सबलानिया जीते, भाजपा ने लगाए धांधली के आरोप
अबोहर नगर निगम के मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया। बहुमत का दावा कर रही भाजपा को झटका देते हुए आप पार्टी के मेयर को निर्वाचित घोषित किया गया। भाजपा नेताओं और पार्षदों ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अबोहर नगर निगम के मेयर चुनाव को लेकर शुक्रवार को राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया। बहुमत का दावा कर रही भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका देते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार गणेश सबलानिया मेयर निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव परिणाम सामने आते ही भाजपा नेताओं और पार्षदों ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए धांधली के आरोप लगाए।
चुनाव से पहले नगर निगम में भाजपा के 28 पार्षद, आम आदमी पार्टी के 20 पार्षद, एक कांग्रेस पार्षद और एक आजाद पार्षद था। भाजपा का कहना है कि विधायक के मतदान अधिकार को जोड़ने पर उनके पक्ष में कुल 29 वोट बनते हैं, इसलिए उनके पास स्पष्ट बहुमत था। वहीं, आम आदमी पार्टी के हल्का इंचार्ज अरुण नारंग ने दावा किया कि मेयर चुनाव के दौरान आप के पक्ष में 27 हाथ उठे, जिसके आधार पर गणेश सबलानिया को विजयी घोषित किया गया।
परिणाम घोषित होते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया का विरोध शुरू कर दिया। भाजपा नेता संदीप जाखड़ ने आरोप लगाया कि चुनाव में धक्केशाही और लोकतांत्रिक परंपराओं का उल्लंघन किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी 28 पार्षद उनके साथ मौजूद हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।
विरोध के दौरान संदीप जाखड़ अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डिप्टी कमिश्नर (डीसी) की गाड़ी का घेराव भी किया। इस दौरान पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए गए और चुनाव प्रक्रिया को रद्द करने की मांग उठाई गई।
दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने चुनाव परिणाम को लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जीत बताते हुए गणेश सबलानिया के मेयर बनने पर खुशी जताई। अब इस पूरे घटनाक्रम के बाद अबोहर की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है और सभी की नजरें प्रशासन तथा आगे की राजनीतिक और कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। बता दें कि सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर भी आम आदमी पार्टी से ही बनाए गए हैं।