फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Chandigarh-Punjab News ›   PM Modi Punjab Haryana Visit Hydrogen train Inauguration

PM मोदी का पंजाब-हरियाणा दौरा: देश को सौंपेंगे पहली हाइड्रोजन ट्रेन, वंदे भारत स्लीपर को भी दिखाएंगे हरी झंडी

Fri, 17 Jul 2026 05:00 AM IST
शाहिल शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, चंडीगढ़
अमर उजाला ब्यूरो, चंडीगढ़ Published by: शाहिल शर्मा Updated Fri, 17 Jul 2026 05:00 AM IST
सार

पीएम मोदी के दौरे को लेकर पंजाब- हरियाणा और चंडीगढ़ में हाई अलर्ट है। प्रधानमंत्री देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं, जींद से देश को पहली हाइड्रोजन ट्रेन सौंपेंगे। 

विज्ञापन
PM Modi Punjab Haryana Visit Hydrogen train Inauguration
पीएम मोदी का पंजाब-हरियाणा दौरा - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पंजाब और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृतसर (छेहरटा) से वाराणसी के बीच चलने वाली संत रविदास वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके शुरू होने से दोनों धार्मिक शहरों के बीच यात्रा पहले से अधिक तेज और सुविधाजनक होगी।
विज्ञापन


रेलवे के अनुसार यह देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन है। इसका संचालन सप्ताह में तीन दिन होगा। ट्रेन जालंधर, लुधियाना, अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़ और वाराणसी समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
विज्ञापन


यह ट्रेन श्री हरिमंदिर साहिब, श्री काशी विश्वनाथ धाम और संत रविदास से जुड़े धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगी। साथ ही व्यापारियों और छात्रों को भी तेज रात्रिकालीन रेल सेवा का विकल्प मिलेगा। ट्रेन में आधुनिक वातानुकूलित स्लीपर कोच, सीसीटीवी निगरानी, यात्री सूचना प्रणाली, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और आरामदायक बर्थ जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

जींद से पीएम मोदी देश को सौंपेंगे पहली हाइड्रोजन ट्रेन
भारत रेलवे के इतिहास में शुक्रवार को प्रगति का नया अध्याय जुड़ जाएगा। जींद जंक्शन पर सुबह सवा 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सोनीपत की ओर रवाना करेंगे। जींद-सोनीपत रूट पर इस स्वदेशी ट्रेन के परिचालन के साथ ही भारतीय रेलवे के ग्रीन युग की शुरुआत भी हो जाएगी। इस उपलब्धि के बाद भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा, जिन्होंने हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली ट्रेन विकसित की है।

12 साल में 18वीं बार हरियाणा आ रहे पीएम मोदी 
पीएम मोदी नमो ग्रीन ट्रेन के अलावा करीब 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम जींद से ही एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, मेडिकल कॉलेज, अत्याधुनिक सिख संग्रहालय समेत आठ बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे जिनसे हरियाणा के परिवहन, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे को नई गति मिलेगी। इसके अलावा पीएम मोदी जींद में ही रैली को भी संबोधित करेंगे।

10 बजे पहुंचेंगे जींद
शुक्रवार करीब दस बजे पीएम मोदी रेलवे जंक्शन पहुंचेंगे और हाइड्रोजन ट्रेन का अवलोकन करने के बाद ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सोनीपत के लिए रवाना करेंगे। यह ट्रेन जींद सिटी, पांडू-पिंडारा, भंभेवा, गोहाना सहित विभिन्न स्टेशनों से होते हुए करीब सवा घंटे में ट्रेन सोनीपत पहुंचेगी। विभिन्न स्टेशनों से स्कूली बच्चे भी इस ऐतिहासिक यात्रा के सहभागी बनेंगे। जींद के अलावा राज्य के 22 जिलों में पीएम मोदी के कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट होगा।

इन 8 परियोजनाओं का भी करेंगे उद्घाटन व शिलान्यास 

-दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेसवे के हरियाणा हिस्से का उद्घाटन सबसे प्रमुख है। इससे दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच सफर तेज होगा।

-जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग-352ए और हांसी-बरवाला फोरलेन सड़क परियोजना से क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा।

-अंबाला-काला आंब 33.81 किलोमीटर फोरलेन राजमार्ग का उद्घाटन करेंगे।

-कुरुक्षेत्र को 447 करोड़ रुपये की लागत से तैयार रेलवे स्टेशन और एलिवेटेड रेलवे ट्रैक की भी सौगात मिलेगी।

-कुरुक्षेत्र के गांव उमरी में लगभग 169.93 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रदेश के पहले अत्याधुनिक सिख संग्रहालय का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री करेंगे।

-स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए भिवानी में पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि नारनौल मेडिकल कॉलेज परियोजना को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

ट्रेन की खासियत
सबसे सस्ता किराया : लोग पांच रुपये में भी यात्रा कर सकेंगे। जींद से सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर का किराया मात्र 25 रुपये होगा।
लागत : 82 करोड़ में ट्रेन बनकर तैयार हुई जो दुनिया में सबसे कम है। 
सबसे लंबी : 10-कोच वाली ट्रेन है। इसमें दो पावर कार (इंजन) और आठ यात्री कोच हैं।
इंजन : 1200 केवी की क्षमता का शक्तिशाली इंजन। हाइड्रोजन लीक डिटेक्टर, फ्लेम डिटेक्शन सिस्टम और गैस की निरंतर निगरानी जैसी उन्नत सुरक्षा तकनीकें शामिल हैं। आपात स्थिति में हाइड्रोजन की आपूर्ति अपने आप बंद हो जाएगी।
क्षमता : 120 किमी. प्रति घंटा की गति से दौड़ने में सक्षम। फिलहाल 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। जींद और सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर का सफर सिर्फ सवा घंटे में पूरा करेंगे।

कोच की खासियत
ट्रेन के कोच मेट्रो की तर्ज पर खुलेंगे और बंद होंगे। पूरी तरह दरवाजे बंद होने के बाद ही ट्रेन स्टेशन छोड़ेगी। हर कोच में बैठने के लिए 32 सीटें। कुल 682 सीटें। खड़े होकर सफर करने वाले यात्रियों को मिलाकर एक बार में करीब 2600 यात्री सफर कर सकते हैं। सफर के दौरान पंखे और लाइट की व्यवस्था। हर कोच में डिस्प्ले लगी होने से आने वाले स्टेशन के बारे में पहले ही सूचना मिल जाएगी।

पीएम के दौरे से पहले हाई अलर्ट
पीएम के दौरे से पहले पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हाई अलर्ट है। पंचकूला में चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से लगी सीमाओं को देखते हुए पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित कर 18 प्रमुख नाकों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। पुलिस ने 9 अंतरराज्यीय बॉर्डर नाकों समेत जिले के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed