PU फायरिंग केस: फतेहगढ़ साहिब में शूटरों का एनकाउंटर, पंजाब और चंडीगढ़ पुलिस का ज्वाइंट ऑपरेशन
चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में 17 मार्च (मंगलवार) देर शाम को सोेपू के नेता पर फायरिंग हुई थी। वारदात की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग से जुड़े डोनी बल और शगनप्रीत ने ली है।
विस्तार
चंडीगढ़ के सेक्टर-14 स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में फायरिंग करने वाले शूटरों का पंजाब पुलिस ने एनकाउंटर किया है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब और चंडीगढ़ पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पीयू फायरिंग मामले में शामिल थे। आरोपी जसप्रीत उर्फ जस्सी फतेहगढ़ साहिब का रहने वाला है। वहीं उसके साथ दूसरा आरोपी तितली भी था। आरोपी जसप्रीत को गोली लगी है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। वहीं दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फतेहगढ़ साहिब के अमलोह में पुलिस यह कार्रवाई की है। आरोपी क्रेटा कार में सवार थे।
यह ऑपरेशन पंजाब एजीटीएफ और चंडीगढ़ पुलिस ने मिलकर किया है। चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर भी इस ऑपरेशन में शामिल रहीं। चंडीगढ़ पुलिस की डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल और ऑपरेशन सेल की टीम भी इस ऑपरेशन में थी। वहीं पंजाब पुलिस के डीएसपी राजन परमिंदर एजीटीएफ को लीड कर रहे थे।
बता दें कि पंजाब यूनिवर्सिटी में 17 मार्च को छात्र नेता जश्नदीप सिंह जवंधा पर फायरिंग हुई थी। इस घटना के बाद ट्राइसिटी में सक्रिय गैंगवार नेटवर्क एक बार फिर उजागर हुआ। इस वारदात की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग से जुड़े डोनी बल और शगनप्रीत ने ली है। दोनों के नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और लंबित मामलों की जांच तेज कर दी है।
पीयू कैपस में हुई फायरिंग की घटना के बाद बंबीहा गैंग की ओर से जारी पोस्ट में एक बार फिर दोनों के नाम सामने आए हैं। इसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
राणा बलाचौरिया हत्याकांड में भी आया नाम
मोहाली में कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान हुए राणा बलाचौरिया हत्याकांड में भी डोनी बल और शगनप्रीत को मास्टरमाइंड माना गया था। वारदात के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये दोनों ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। सूत्रों के अनुसार इस हत्या की साजिश विदेश में बैठकर रची गई थी।
विक्की मिड्डूखेड़ा केस में भी कनेक्शन
अगस्त 2021 में यूथ अकाली दल नेता विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की मिड्डूखेड़ा की मोहाली में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भी शगनप्रीत सिंह का नाम सामने आया था और उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया। वह पहले पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का मैनेजर रह चुका है लेकिन बाद में बंबीहा गैंग से जुड़ गया।
विदेश से चला रहे नेटवर्क
सूत्रों के मुताबिक शगनप्रीत फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में है और उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी है। वहीं, डोनी बल भी विदेश में बैठकर गैंग नेटवर्क संचालित कर रहा है। इसके बावजूद ट्राइसिटी में उनकी सक्रियता लगातार सामने आ रही है।
रंगदारी के मामलों में भी संलिप्तता
डोनी बल का नाम चंडीगढ़ के सेक्टर-37 के एक कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में भी सामने आ चुका है। जांच में यह भी सामने आया कि गैंग शहर के कारोबारियों को निशाना बना रहा है।
गैंगवार एंगल की जांच तेज
पुलिस सूत्रों के अनुसार डोनी बल और शगनप्रीत, लॉरेंस गैंग से जुड़े लोगों और संगठनों को निशाना बना रहे हैं। पीयू फायरिंग में भी गैंगवार का एंगल सामने आया है, जिसमें छात्र राजनीति से जुड़े एक गुट को टारगेट किया गया।
In a major breakthrough, Anti-Gangster Task Force (#AGTF) Punjab, in a joint operation with Chandigarh Police, apprehends main shooter Jaspreet Singh @ Jas in connection with the firing incident on student leader Jashanpreet Singh Jawanda at Punjab University, #Chandigarh on…
— DGP Punjab Police (@DGPPunjabPolice) March 26, 2026