सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Know About Bhagwant Mann How to Become Chief Minister of Punjab News in Hindi

Bhagwant Mann Oath: पढ़ाई से लेकर जाति तक भगवंत मान के बारे में Google पर क्या सर्च कर रहे हैं लोग?

इलेक्शन डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: हिमांशु मिश्रा Updated Thu, 17 Mar 2022 09:45 AM IST
विज्ञापन
सार
भगवंत मान पंजाब के नए मुख्यमंत्री हो गए हैं। इसी के साथ पंजाब में एक नया इतिहास भी बन गया है। आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ जब राज्य में कांग्रेस और अकाली दल दोनों की पंजाब की सत्ता में हिस्सेदारी नहीं है।
loader
Know About Bhagwant Mann How to Become Chief Minister of Punjab News in Hindi
भगवंत मान सिंह - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आम आदमी पार्टी के भगवंत मान ने पंजाब के 25वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली। यूं तो भगवंत मान के बारे में काफी कुछ लोग जानते हैं, लेकिन हम आपको उनकी जिंदगी से जुड़े उन दस सवालों के जवाब देने जा रहे हैं, जिसे लोग गूगल पर सर्च कर रहे हैं। जब से आम आदमी पार्टी ने पंजाब में ऐतिहासिक जीत हासिल की है, दुनिया भर में रहने वाले भारतीय मान के बारे में अलग-अलग तरह से गूगल पर सर्च कर रहे हैं। हमने ऐसे ही दस टॉप सर्चिंग सवालों के जवाब आपके लिए तैयार किए हैं। पढ़िए सभी के जवाब... 

 

भगवंत मान सिंह
भगवंत मान सिंह - फोटो : अमर उजाला
1. भगवंत मान कितने अंतर से जीते? 
भगवंत मान ने इस बार पंजाब की धूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। उन्हें कुल 82 हजार 592 वोट मिले। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के दलवीर सिंह गोल्डी थे। गोल्डी को 24 हजार 386 वोट मिले थे। इस तरह से भगवंत मान ने 58 हजार 206 मतों के अंतर से ये चुनाव जीत लिया। भगवंत मान को पहले ही आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया था। 

2. भगवंत मान किस जाति से आते हैं?
पंजाब के नए मुख्यमंत्री भगवंत मान जट सिख परिवार से आते हैं। 

3. भगवंत मान की शिक्षा?
भगवंत मान ने 12वीं तक की ही पढ़ाई की है। इसके बाद साल 1992 में शहीद उधम सिंह गवर्नमेंट कॉलेज में बीकॉम (B.com) करने के लिए एडमिशन तो लिया था लेकिन पढ़ाई पूरी नहीं हो सकी। मान को जुगनू नाम से भी पुकारते हैं। 

4. भगवंत मान ड्रंक वीडियो?
पंजाब के नए मुख्यमंत्री भगवंत मान का नाम विवादों से भी जुड़ा रहा है। जैसे ही उन्हें आम आदमी पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था, वैसे ही सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियो शेयर होने लगे थे। इसमें वह लड़खड़ाते हुए नजर आ रहे थे। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वह अब शराब पीना छोड़ चुके हैं। 

5. भगवंत मान कॉमेडी वीडियो?
भगवंत मान एक प्रसिद्ध पंजाबी कॉमेडियन भी रह चुके हैं। मान ने मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के साथ द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज नाम के टीवी शो में भी भाग लिया था। इसके कई वीडियो यूट्यूब पर मौजूद हैं। पंजाब में आप की जीत के बाद भगवंत मान ने कॉमेडी वीडियो भी लोग खूब सर्च कर रहे हैं। 

6. आप से पहले किस पार्टी से जुड़े थे मान?
मान ने राजनीतिक सफर की शुरुआत मनप्रीत सिंह बादल की पंजाब पीपुल्स पार्टी से की थी। मनप्रीत बादल पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भतीजे हैं। परिवार में जब राजनीतिक विरासत को लेकर विवाद हुआ तो मनप्रीत ने मार्च 2011 में अपनी पार्टी बना ली। उसी वक्त भगवंत इस पार्टी में शामिल हुए। साल 2012 में लहरा विधानसभा सीट से भगवंत मान चुनाव लड़े। उनका चुनाव निशान था पतंग, लेकिन मान की पतंग सफलता की उड़ान नहीं भर सकी। उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 

7. पहली बार कब सांसद बने? 
2012 के विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद मनप्रीत बादल नया रास्ता तलाशने लगे। 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। भगवंत मान को ये पसंद नहीं आया। मान ने अपना रास्ता बदल लिया और मार्च 2014 को मान आम आदमी पार्टी में आ गए। केजरीवाल ने उन्हें संगरूर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाया और वह जीत भी गए। इस जीत के साथ वो पहली बार जनप्रतिनिधि बने।

8. क्या भगवंत मान शादीशुदा हैं? 
हां, भगवंत मान की शादी हो चुकी है। पत्नी का नाम इंदरप्रीत कौर है। दोनों के दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) भी हैं। हालांकि, 2015 में दोनों का तलाक हो गया था। एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में भगवंत मान ने अपने परिवार के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि जब तक वह कॉमेडियन थे, तब तक परिवार को खूब समय देते थे। 2014 में लोकसभा चुनाव लड़कर जीते। इसके बाद से वह पत्नी और बच्चों को ज्यादा समय नहीं दे पाते थे। जनता के बीच उनका ज्यादा वक्त गुजरता था। यही कारण है कि 2015 में उनकी पत्नी उनसे अलग हो गईं। अब पत्नी और बच्चे अमेरिका में रहते हैं। वह अकेले ही दिल्ली और अपने पंजाब स्थित घर में रहते हैं। मान कहते हैं, अब मेरे पंजाब के लोग ही मेरा परिवार हैं।

9. भगवंत मान की जिंदगी
भगवंत मान का जन्म 17 अक्टूबर 1973 को पंजाब के संगरूर जिले के सतोज गांव में हुआ था। उनके पिता मोहिंदर सिंह सरकारी स्कूल में विज्ञान के शिक्षक थे। 2011 में उनका निधन हो गया था। मान की मां का नाम हरपाल कौर है। बहन मनप्रीत कौर एक स्कूल में पंजाबी शिक्षिका हैं। जब मान सात साल के थे, तब उनके छोटे भाई जिसकी उम्र उस वक्त पांच साल की थी उसका पेट के कैंसर से निधन हो गया था। मान ने इंदरप्रीत कौर से शादी की थी। उनके दो बच्चे हैं। बेटे का नाम दिलशान मान और बेटी का नाम सीरत कौर मान है। हालांकि, 2015 में इंदरप्रीत और भगवंत मान के बीच तलाक हो गया था। अब बच्चे अपनी मां के साथ ही अमेरिका में रहते हैं। 

10. भगवंत मान का पता क्या है? 
पंजाब के नए मुख्यमंत्री भगवंत मान मूल रूप से संगरूर जिले के ड्रीम लैंड कॉलोनी के रहने वाले हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed