{"_id":"69de439c770df3cf2c0fe025","slug":"sevadar-removing-nishan-sahib-fell-from-height-of-60-feet-and-died-in-ludhiana-2026-04-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"वैसाखी पर दर्दनाक हादसा: लुधियाना में निशान साहिब उतार रहा सेवादार 60 फीट ऊपर से गिरा, मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वैसाखी पर दर्दनाक हादसा: लुधियाना में निशान साहिब उतार रहा सेवादार 60 फीट ऊपर से गिरा, मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब)
Published by: Ankesh Kumar
Updated Tue, 14 Apr 2026 07:09 PM IST
विज्ञापन
सार
पंजाब के लुधियाना में वैसाखी के दिन दर्दनाक हादसा हुआ है। दुगरी रोड स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, करतार नगर में मंगलवार सुबह निशान साहिब का चोला बदलने की सेवा के दौरान सेवादार 60 फीट की ऊंचाई से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सेवादार मनिंदर सिंह की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद
विज्ञापन
विस्तार
लुधियाना के दुगरी रोड स्थित आत्मनगर इलाके में वैसाखी पर दर्दनाक हादसा हो गया। मंगलवार सुबह गुरुद्वारा श्री सिंह सभा करतार नगर में निशान साहिब का चोला बदलने की सेवा कर रहे 40 वर्षीय सेवादार मनिंदर सिंह नीचे गिरकर जान गंवा बैठे।
Trending Videos
क्रेन की तार टूटने से सेवादार करीब 60 फीट ऊपर से फर्श पर गिरा। अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद पूरे इलाके और संगत में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पाकर थाना माडल टाउन के अधीन आने वाली चौकी आत्म पार्क की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उसके भाई मनिंदर सिंह 12 वर्षों से गुरुद्वारा साहिब में निशान साहिब की सेवा निभा रहे थे। हर संक्रांति और वैसाखी पर वे चोला बदलते थे। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे भी वे इसी पावन कार्य के लिए लिफ्ट क्रेन के सहारे ऊपर गए थे। मनिंदर ने 80 फीट की ऊंचाई पर पहुंचकर सफलतापूर्वक नया चोला चढ़ा दिया था और आखिरी गांठ बांध ही रहे थे कि अचानक क्रेन का लोहे का तार टूट गया। इससे मनिंदर सीधे जमीन पर आ गिरे। संगत ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मनिंदर सिंह 10 साल के मासूम बेटे के पिता थे। घर का गुजारा चलाने के लिए वे करियाना की दुकान चलाते थे। निस्वार्थ भाव से गुरुघर की सेवा करने वाले मनिंदर की हादसे में मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं।
