लालड़ू। नगर परिषद लालड़ू के चुनाव के लिए जारी लिस्ट में गंभीर गड़बड़ियों का मामला सामने आया है। कई वार्ड के वोटरों को 8 किलोमीटर दूर के वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। अब वे वोटर संभावित उम्मीदवारों से अपने वार्ड में आने की गुहार लगाते दिख रहे हैं, लेकिन फिलहाल उनके हाथ कुछ खास नहीं लग रहा है। इस कारण वोटरों में रोष है। लिस्ट में गंभीर गड़बड़ियों के बारे में नगर परिषद लालड़ू के चंद्रपाल ने बताया कि वह अपनी मां और भाई जगपाल सिंह के साथ संयुक्त परिवार में रहते हैं। उन्होंने बताया कि इस समय उनके परिवार में सात वोट हैं।
उनका अपना वोट, उनकी माता और पत्नी का वोट वार्ड नंबर 12 में सीरियल नंबर 693,694 और 695 के तौर पर डाला गया है। उनके भाई जगपाल सिंह और उनकी पत्नी सुनीता देवी का वोट वार्ड नंबर 13 में सीरियल नंबर 1696 और 1697 के तौर पर दर्ज हैं। इसके अलावा जगपाल सिंह के बेटे शक्ति सिंह का वोट वार्ड नंबर 14 में सीरियल नंबर 1184 के तहत दर्ज है। उनके दूसरे बेटे सागर अत्रिश का वोट वार्ड नंबर 17 में सीरियल नंबर 943 के तहत डाला गया है। सबसे बड़ी और खास बात यह है कि चंद्रपाल के पिता मृतक मोलू राम, जिनका करीब 6 महीने पहले निधन हो गया था, का नाम वोटर लिस्ट से हटाने की जगह पुराने वार्ड के बजाय 8 किलोमीटर दूर वार्ड नंबर 1 में दिखाया गया है। इसके अलावा उनके 25-30 पड़ोसियों के वोट भी वार्ड नंबर 1 में डाले गए हैं। जब इस बारे में एसडीएम अमित कुमार गुप्ता से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि शुरुआती लिस्ट में कुछ गलतियां रह गई हैं। ऑब्जेक्शन के लिए समय दिया गया है।
कमेंट
कमेंट X