वेयरहाउस डीएम सुसाइड केस संसद में गरमाया: अमित शाह बोले-पंजाब के सांसद लिखकर दें, तुरंत करवाएंगे सीबीआई जांच
पंजाब वेयरहाउस कॉरपोरेशन के जिला मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा ने आत्महत्या कर ली थी। मरने से पहले बनाए वीडियो में उन्होंने पंजाब के मंत्री लालजीत भुल्लर का नाम लिया था। इसके बाद भुल्लर ने इस्तीफा दे दिया था। सोमवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।
विस्तार
पंजाब वेयरहाउस कॉरपोरेशन के डीएम गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या का मामला संसद में भी गूंजा है। शिरोमणि अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा के सांसद इस मुद्दे पर एकजुट नजर आए और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सीबीआई जांच की मांग की।
गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट कहा कि यदि पंजाब के सांसद लिखित में सीबीआई जांच की मांग करते हैं तो केंद्र सरकार इस मामले को तुरंत सीबीआई को ट्रांसफर करने को तैयार है। शाह के इस बयान के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है और परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं।
बिट्टू ने उठाया मामला
संसद में केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने मामला उठाते हुए कहा कि रंधावा को मंत्री भुल्लर द्वारा कथित तौर पर इतना प्रताड़ित किया गया कि उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। बिट्टू ने आरोप लगाया कि मृतक डीएम ने अपने एमडी और डीसी को पत्र लिखकर प्रताड़ना की जानकारी दी थी, लेकिन अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्री और उनके पिता पर डीएम को घर बुलाकर मारपीट करने के आरोप हैं।
बाघा पुराना के एसडीएम का मामला भी उठा
बिट्टू ने बाघा पुराना के एसडीएम बबनदीप सिंह वालिया का मुद्दा भी उठाया और कहा कि उन्होंने डीसी पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पंजाब में अराजकता का माहौल बताते हुए इसके लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
अकाली सांसद ने शाह को लिखा पत्र
गृह मंत्री के बयान के तुरंत बाद शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने अमित शाह को पत्र लिखकर डीएम रंधावा मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने मंत्री भुल्लर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी में देरी कर लोगों का भरोसा तोड़ा है।
राजनीति से ऊपर उठें: बिट्टू की अपील
रवनीत बिट्टू ने कहा कि इस गंभीर मामले में सभी दलों को राजनीति से ऊपर उठकर काम करना चाहिए। उन्होंने आम आदमी पार्टी के सांसदों से भी अपील की कि यदि वे पंजाबी हैं तो सीबीआई जांच के समर्थन में आगे आएं और लिखित मांग करें। मामले की गंभीरता और राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोपों के बीच अब सभी की नजर इस पर है कि सांसद औपचारिक रूप से सीबीआई जांच की मांग करते हैं या नहीं।