बाड़मेर एसीबी की बड़ी कार्रवाई: PM आवास की तीसरी किस्त के लिए मांगी रिश्वत, महिला ग्राम विकास अधिकारी गिरफ्तार
बाड़मेर में एसीबी ने महिला ग्राम विकास अधिकारी सपना कुमारी को प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किस्त के लिए जरूरी जियो टैगिंग के बदले 4,500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए धोरीमन्ना पंचायत समिति की ग्राम पंचायत जूना खेड़ा में कार्यरत महिला ग्राम विकास अधिकारी सपना कुमारी को 4,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास की तीसरी किस्त जारी कराने के लिए आवश्यक जियो टैगिंग करने के बदले रिश्वत मांग रही थी।
एसीबी के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी के नाम वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास की तीसरी किस्त के 60 हजार रुपये जारी कराने के लिए जरूरी जियो टैगिंग के एवज में ग्राम विकास अधिकारी सपना कुमारी 5 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही है।
पढे़ं: कुछ मिनट बाद गूंजी गोली, राजस्थान पुलिस ने कैसे खो दिया जांबाज अफसर?
शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार अणखिया ने बताया कि निरीक्षक देवाराम के नेतृत्व में बुधवार को कार्रवाई की गई। परिवादी तय योजना के अनुसार धोरीमन्ना स्थित ग्राम विकास अधिकारी के किराए के मकान पर पहुंचा। वहां जैसे ही सपना कुमारी ने 4,500 रुपये की रिश्वत ली, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया और रिश्वत की राशि बरामद कर गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी के किराए के मकान और कार्यालय में तलाशी ले रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की जांच जारी है।