Bharatpur: पत्नी के विरह में पति की मौत, तीन बच्चे हुए बेसहारा; पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
Bharatpur: स्थानीय लोगों के अनुसार पत्नी के चले जाने के बाद घनश्याम मानसिक रूप से बेहद परेशान रहता था। बीते कुछ समय से उसके सीने में दर्द की शिकायत भी थी। पड़ोसियों ने बताया कि एक दिन पहले घनश्याम ने गुस्से में घर का कुछ सामान भी तोड़ दिया था।
विस्तार
भरतपुर के अटल बंध थाना क्षेत्र के तिलक नगर कॉलोनी में रह रहे एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान घनश्याम 35 साल के रूप में हुई है, जो मूलतः कुम्हेर का निवासी था और यहां किराए के मकान में अपने तीन बच्चों के साथ रह रहा था।
बताया गया है कि सोमवार सुबह जब बच्चे अपने पिता को उठाने गए तो वह अचेत अवस्था में मिला। बच्चों के शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घनश्याम को तुरंत जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर अटल बंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों के आने के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।
पढ़ें: ड्राई डे अभियान से मच्छरजनित बीमारियों पर कसा शिकंजा, जिलेभर में चला जन-जागरूकता कार्यक्रम
परिजनों ने बताया कि घनश्याम भरतपुर में मजदूरी करता था। वर्ष 2019 में उसने नदिया मोहल्ला निवासी राधा से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों को चार संतानें हुईं। लेकिन कुछ वर्षों बाद राधा घर छोड़कर एक बेटी को साथ लेकर किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई। इसके बाद से घनश्याम तीन बच्चों के साथ अकेला रहकर उनका पालन-पोषण कर रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार पत्नी के चले जाने के बाद घनश्याम मानसिक रूप से बेहद परेशान रहता था। बीते कुछ समय से उसके सीने में दर्द की शिकायत भी थी। पड़ोसियों ने बताया कि एक दिन पहले घनश्याम ने गुस्से में घर का कुछ सामान भी तोड़ दिया था।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी कारणों से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।