फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Bharatpur News ›   bharatpur trader chandrabhan sharma death loot attempt protest collectorate road block accused arrest

Bharatpur: व्यापारी की मौत से फूटा जनाक्रोश, तीन घंटे बवाल; गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग पर गरमाई सियासत

Tue, 07 Jul 2026 08:02 AM IST
भरतपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भरतपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भरतपुर Published by: भरतपुर ब्यूरो Updated Tue, 07 Jul 2026 08:02 AM IST
सार

भरतपुर में लूट के प्रयास के दौरान गोली लगने से घायल बर्तन व्यापारी चंद्रभान उर्फ राजू शर्मा की जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत के बाद शहर में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजन, व्यापारी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर करीब तीन घंटे तक सड़क जाम और प्रदर्शन किया।

विज्ञापन
bharatpur trader chandrabhan sharma death loot attempt protest collectorate road block accused arrest
मृतक व्यापारी की बेटी रोती हुई कलेक्ट पर हंगामा करती महिलाएं - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

विज्ञापन

भरतपुर में लूट के प्रयास के दौरान गोली लगने से घायल बर्तन व्यापारी चंद्रभान उर्फ राजू शर्मा की जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत के बाद सोमवार को पूरे शहर में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। न्याय की मांग को लेकर परिजन, व्यापारी और कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट पहुंच गए, जहां करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन, हंगामा और सड़क जाम चला। प्रशासन के साथ वार्ता के बाद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर धरना समाप्त कर दिया गया।

विज्ञापन

शव लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे परिजन, पुलिस ने रास्ते में रोका

विज्ञापन
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, जयपुर में पोस्टमार्टम के बाद व्यापारी का शव भरतपुर लाया जा रहा था। परिजन शव को लेकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करना चाहते थे, लेकिन सेवर क्षेत्र में पुलिस ने एंबुलेंस को रोक लिया। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।

इसकी जानकारी मिलते ही परिजन और व्यापारी भड़क गए। बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट के बाहर सड़क पर बैठ गए और जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया।

तीन घंटे तक तनावपूर्ण रहा माहौल

करीब तीन घंटे तक कलेक्ट्रेट के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ कई आईपीएस और आरपीएस अधिकारियों को मौके पर तैनात किया गया। जिला कलेक्टर कमर चौधरी और पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते रहे।

प्रशासन से वार्ता के बाद बनी सहमति

बाद में जिला प्रशासन, व्यापारियों और परिजनों के बीच वार्ता हुई। इस दौरान परिजनों ने मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, आर्थिक सहायता, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग रखी।

प्रशासन ने सभी मांगों का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने तथा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के साले रोहित ने बताया कि शनिवार रात करीब 10:15 बजे चंद्रभान उर्फ राजू शर्मा मथुरा से जमीन खरीदने के लिए उधार लिए गए पांच लाख रुपये लेकर लौट रहे थे। गोलपुरा मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। हालांकि आरोपी रुपये लूटने में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।

घायल व्यापारी को पहले आरबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पत्नी ने पुलिस और अस्पताल पर लगाए आरोप

मृतक की पत्नी मंजू शर्मा ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय रहते सक्रिय होती तो उनके पति की जान बच सकती थी। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में समय पर उचित इलाज नहीं मिला। साथ ही न्याय की मांग को लेकर शव के साथ कलेक्ट्रेट आने के दौरान पुलिस द्वारा शव अपने कब्जे में लेना और परिजनों के साथ कथित अभद्र व्यवहार करना भी गलत था।

एसपी बोले- जल्द होगी गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला लूट के प्रयास का सामने आया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

व्यापारियों ने रखा बाजार बंद

व्यापारी की मौत के विरोध में बर्तन व्यापारियों ने पूरे दिन बाजार बंद रखा। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर पीड़ित परिवार के समर्थन में आवाज उठाई।

विशेष टीम कर रही आरोपियों की तलाश

प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पूरे शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का दावा पुलिस ने किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed