जिले के नदबई कस्बे में रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित एक परचून गोदाम में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित भोलेनाथ ट्रेडिंग फर्म के गोदाम में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में दोना-पत्तल सहित बड़ी मात्रा में ज्वलनशील और सूखा सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
ये भी पढ़ें: Jhalawar News: खेत के रास्ते को लेकर खूनी संघर्ष, हिंसक झड़प में बुजुर्ग महिला की मौत, गांव में भारी तनाव
फर्म के संचालक नरेश अग्रवाल ने बताया कि हादसे में करीब 25 से 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने की सूचना मिलते ही नगर पालिका की दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने भी पानी व अन्य संसाधनों की मदद से दमकलकर्मियों का सहयोग किया।
काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।