Bundi News: पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल पर हमले के तीन और आरोपियों को किया गिरफ्तार
बूंदी में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया। घटना 20 सितंबर को हुई थी, जब सफेद क्रेटा कार में आए अज्ञात हमलावरों ने सुरेश अग्रवाल पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया और फरार हो गए थे।
विस्तार
बूंदी कोतवाली पुलिस ने पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को 25 सितंबर को पकड़ा गया। इस मामले में एक आरोपी को पहले 21 सितंबर को गिरफ्तार किया जा चुका था। घटना 20 सितंबर को बूंदी शहर के गणगौर होटल के सामने चित्तौड़ रोड पर हुई थी। सफेद क्रेटा कार में आए अज्ञात हमलावरों ने सुरेश अग्रवाल पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था और मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी अरुण कुमार के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी भंवरसिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिशें देकर आरोपियों की तलाश की।
ये भी पढ़ें- Rajasthan : 'जीएसटी से जनता को लूटा, माफी मांगनी चाहिए'; पीएम मोदी के बांसवाड़ा दौरे पर कांग्रेस का हमला
जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर तीन हमलावरों की पहचान की गई। सफेद क्रेटा कार का उपयोग कर घटना को अंजाम देने वाले इन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कोटा निवासी दीपक मेहरा, शुभम गोचर और संदीप मीणा शामिल हैं। सभी आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।