{"_id":"67a760b47ba9584ecd00d3e1","slug":"wife-murder-her-husband-with-brother-bundi-news-c-1-1-noi1383-2606530-2025-02-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bundi: पत्नी और साले ने रचा हत्या का खेल, जान से मारने के बाद आत्महत्या का मामला बताया, पुलिस ने सुलझाई गुत्थी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bundi: पत्नी और साले ने रचा हत्या का खेल, जान से मारने के बाद आत्महत्या का मामला बताया, पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बूंदी
Published by: बूँदी ब्यूरो
Updated Sat, 08 Feb 2025 07:55 PM IST
विज्ञापन
सार
हिंडोली थाना क्षेत्र के ओधंधा गांव में हुई आत्महत्या के मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और साले को हत्या करने और पुलिस को गुमराह करने के मामले में गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
विस्तार
जिले के हिंडोली थाना क्षेत्र के ओधंधा गांव में सामने आए आत्महत्या के एक मामले ने नया मोड़ ले लिया है। प्रारंभिक रूप से यह आत्महत्या का मामला लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में यह मामला हत्या में बदल गया। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी और साले को गिरफ्तार किया है।
Trending Videos
जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 जनवरी को हिंडोली थाना क्षेत्र के ओधंधा गांव में प्रकाश उर्फ ओमप्रकाश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे आत्महत्या माना जा रहा था लेकिन जब पुलिस ने गहराई से मामले की जांच की, तो यह हत्या का मामला निकला। पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की पत्नी रानी और उसके साले धनराज को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
19 जनवरी को मृतक प्रकाश के चचेरे भाई बबलू ने हिंडोली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि प्रकाश अपने परिवार के साथ ओधंधा गांव में कृषि कार्य करता था और वहीं पर रह रहा था। उसने बताया कि उसे फोन पर प्रकाश की मौत की खबर मिली थी, जब वह मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि प्रकाश का शव झोपड़ी में पड़ा हुआ था और उसके गले पर रगड़ के निशान थे, जिससे उसे संदेह हुआ और उसने इस संबंध में मृतक की पत्नी और साले पर पुलिस में मामला दर्ज कराया।
इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सबूत जुटाने के बाद रानी और धनराज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक प्रकाश अपनी पत्नी रानी पर शक करता था और इस वजह से दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते थे। यह बात रानी को नागवार गुजर रही थी और वह इस रिश्ते से परेशान हो गई थी। ऐसे में उसने अपने भाई धनराज के साथ मिलकर प्रकाश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
रात के समय जब प्रकाश झोपड़ी में सो रहा था, तब रानी और धनराज ने मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी और इसके बाद उन्होंने इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की ताकि किसी को उन पर शक न हो लेकिन पुलिस जांच में सारी सच्चाई सामने आ गई। मामले में मृतक की पत्नी रानी (25) और साले धनराज (28) को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है ताकि हत्या से जुड़े और भी सबूत सामने आ सकें।