चित्तौड़गढ़ में केमिकल फैक्टरी में भीषण ब्लास्ट: लोहे के टुकड़ों से इमारतें क्षतिग्रस्त, पांच KM तक गूंजी आवाज
Chittorgarh Chemical Factory Blast: चित्तौड़गढ़ के कपासन रीको एरिया में केमिकल फैक्टरी का बॉयलर फटने से भीषण आग और कई धमाके हुए। मलबा 500 मीटर तक गिरा, सरकारी इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं। प्रशासन के अनुसार कोई जनहानि नहीं हुई, जांच जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन स्थित रीको इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार रात करीब 11 बजे एक केमिकल फैक्टरी में बड़ा हादसा हो गया। मरून इंडस्ट्रीज में बॉयलर फटने से भीषण आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
लोहे के टुकड़ों से एसडीएम-तहसीलदार कार्यालयों में नुकसान
ब्लास्ट के बाद हजारों किलो वजनी लोहे के टुकड़े हवा में उड़ते हुए करीब 300 मीटर दूर पंचायत परिसर तक जा गिरे। इन टुकड़ों की चपेट में आने से पंचायत परिसर के पास बने एसडीएम और तहसीलदार कार्यालयों में नुकसान हुआ। एसडीएम ऑफिस की छत की दीवार टूट गई।
आग ने पास की स्क्रैप फैक्टरी को भी चपेट में लिया
आग इतनी भीषण थी कि केमिकल फैक्टरी के पास बनी स्क्रैप फैक्टरी भी इसकी चपेट में आ गई। स्क्रैप फैक्टरी का टीनशेड उड़ गया और दीवारों में दरारें आ गईं। आग के कारण फैक्टरी का एक हिस्सा ढह गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक हुए जोरदार धमाके से नींद खुल गई और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। चारों ओर आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। एक मकान की छत पर गिरा वाल्व वहां लगी पट्टी को तोड़ गया।
सुबह दिखा मलबे का दायरा
मंगलवार सुबह लोगों ने देखा कि बॉयलर के टुकड़े 500 मीटर तक दूर घरों की छतों पर गिरे हुए हैं। कई मकानों के टीन शेड टूट गए। सरकारी कार्यालय परिसरों में भी मलबा बिखरा मिला। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। राहत और नियंत्रण कार्य में जेसीबी मशीनों की भी मदद ली गई।
पढ़ें- Rajasthan Budget: कल पेश होगा राजस्थान सरकार का बजट, शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने क्या उम्मीदें जताईं?
विधायक ने बताया स्थिति नियंत्रण में
कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने कहा कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
प्रशासन की पुष्टि, कोई हताहत नहीं
जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने बताया कि फैक्टरी मालिक से बातचीत कर प्राथमिक जानकारी ली गई है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है। कारणों की जांच जारी है।
एक के बाद एक हुए कई ब्लास्ट
एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि हादसे के दौरान एक के बाद एक कई धमाके हुए। मशीनरी के टुकड़े काफी दूर तक जा गिरे। राहत की बात यह रही कि किसी को चोट नहीं आई। रिस्पॉन्स टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। अब तक की जांच में सामने आया है कि शॉर्ट सर्किट से केमिकल में आग लगी। फैक्टरी में गुजरात से केमिकल लाकर पेन किलर मेडिसिन के रॉ मटेरियल का एक हिस्सा तैयार किया जाता था। कपासन थाने में कॉन्स्टेबल जितेंद्र कुमार की ओर से मामला दर्ज कराया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.