Chittorgarh News: सल्फ्यूरिक एसिड से भरा टैंकर पलटा, हॉस्पिटल के मरीज शिफ्ट, ट्रैफिक डायवर्ट
Rajasthan: हादसे के बाद कपासन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उच्च अधिकारियों को सूचना दी। सल्फ्यूरिक एसिड के रिसाव के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने नजदीकी उप जिला अस्पताल के मरीजों को सिटी डिस्पेंसरी कपासन में शिफ्ट कर दिया।
विस्तार
चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन थाना क्षेत्र में सोमवार रात सल्फ्यूरिक एसिड से भरा एक टैंकर पलटने से हड़कंप मच गया। हादसा उदयपुर-चित्तौड़गढ़ स्टेट हाईवे पर कपासन उप जिला अस्पताल के पास हुआ। टैंकर पलटने के बाद एसिड का रिसाव शुरू हो गया, जिससे सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास के क्षेत्र में खतरा बढ़ गया।
जानकारी के मुताबिक, दरीबा माइंस से नांदेड (महाराष्ट्र) जा रहा यह टैंकर कपासन अस्पताल के पास बने विकट मोड़ पर ब्रेकर पर चढ़ते समय अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर और केबिन के बीच लगी पिन टूटने से वाहन डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क की दूसरी ओर जा गिरा, जिससे सल्फ्यूरिक एसिड सड़क पर फैल गया।
हादसे के बाद कपासन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उच्च अधिकारियों को सूचना दी। सल्फ्यूरिक एसिड के रिसाव के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने नजदीकी उप जिला अस्पताल के मरीजों को सिटी डिस्पेंसरी कपासन में शिफ्ट कर दिया। अस्पताल स्टाफ को भी सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। हाईवे यातायात को तत्काल डायवर्ट कर दिया गया ताकि किसी तरह की जनहानि न हो।
पढ़ें: रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए लोक अभियोजक, खुद को बचाने के लिए नोट को मुंह में चबाने की कोशिश
राहत एवं बचाव कार्य में चंदेरिया जिंक स्मेल्टर और दरीबा माइंस से पहुंची स्पेशल टीमों ने मोर्चा संभाला। एसिड के प्रभाव को कम करने के लिए मौके पर लाइम स्टोन का छिड़काव किया गया और सल्फ्यूरिक एसिड को दूसरे टैंकरों में शिफ्ट करने की प्रक्रिया देर रात तक जारी रही।
मौके पर कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, उपखंड अधिकारी राजेश सुवलका, तहसीलदार नासिर मिर्जा बैग, सीएमएचओ महेंद्र कुमार शर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि सड़क को काफी नुकसान पहुंचा और घंटों तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।