सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Hanumangarh News ›   Hanumangarh News: CM arrived on a two-day tour, inspected Indira Gandhi feeder and irrigation projects

Hanumangarh News: दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे सीएम, इंदिरा गांधी फीडर और सिंचाई परियोजनाओं का निरीक्षण किया

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हनुमानगढ़ Published by: हनुमानगढ़ ब्यूरो Updated Wed, 09 Apr 2025 11:44 AM IST
विज्ञापन
सार

अपने दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को हनुमानगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यहां विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं का निरीक्षण किया।  उन्होंने कहा कि राज्य की प्रगति में किसानों की अहम भूमिका है। यदि किसान सशक्त होंगे तो प्रदेश भी समृद्ध होगा।

Hanumangarh News: CM arrived on a two-day tour, inspected Indira Gandhi feeder and irrigation projects
हनुमानगढ़ में नहर का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
विज्ञापन

विस्तार

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को अपनी दो दिवसीय यात्रा के पहले दिन हनुमानगढ़ जिले में विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं का निरीक्षण किया और किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य की प्रगति में किसानों की अहम भूमिका है। यदि किसान सशक्त होंगे तो प्रदेश भी समृद्ध होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार किसानों को पर्याप्त जल व बिजली उपलब्ध कराने तथा नहर प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Trending Videos


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ईआरसीपी, यमुना जल समझौता, माही बेसिन प्रबंधन और इंदिरा गांधी नहर परियोजना के सुदृढ़ीकरण जैसे कई अहम निर्णय लिए हैं। उन्होंने घोषणा की कि परियोजना के सुदृढ़ीकरण हेतु 3,400 करोड़ रुपये की परियोजनाएं चलाई जाएंगी। साथ ही भाखड़ा और गंगनहर से जुड़ी खालों की समस्याओं के समाधान के लिए भी आवश्यक कार्य किए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: Jalore: ऑपरेशन भौकाल के तहत पुलिस ने नकबजनी की वारदात का किया खुलासा, चोरी करने वाला भांजा सहित 6 गिरफ्तार

मुख्यमंत्री ने लखूवाली हेड, घग्घर डायवर्जन चैनल और कोहला सहित कई स्थानों पर दौरा किया। उन्होंने घग्घर नदी की जल प्रवाह क्षमता और डायवर्जन चैनल की कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को घग्घर नदी के बहाव क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा हेतु आवश्यक कार्य करने के निर्देश दिए। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री ने घग्घर नदी के बहाव क्षेत्र में 325 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा परियोजनाएं संचालित करने की घोषणा पहले ही कर दी थी।

मुख्यमंत्री ने पंजाब के तरनतारन स्थित हरिके बैराज का निरीक्षण करते हुए नहर की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने मल्लेवाला हेड, बल्लेवाला हेड, बीकानेर कैनाल, फिरोजपुर फीडर और इंदिरा गांधी फीडर का हवाई निरीक्षण किया।

इसके बाद वे हरियाणा के सिरसा जिले स्थित लोहगढ़ हेड पहुंचे, जहां उन्होंने भाखड़ा सिंचाई परियोजना से जुड़े लिंक का निरीक्षण किया। इंदिरा गांधी फीडर पर बने हेड और नहर की रिलाइनिंग कार्यों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने नक्शों के माध्यम से मुख्यमंत्री को जल उपलब्धता और नहर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की जानकारी दी।

ये भी पढ़ें: Sikar: जिला परिषद की बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष की मौजूदगी पर विवाद, नीमकाथाना विधायक सुरेश मोदी हुए गुस्सा

बजट घोषणाओं की झलक

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2024-25 के बजट में इंदिरा गांधी नहर परियोजना के बेहतर संचालन के लिए 23 करोड़ रुपये की लागत से SCADA सिस्टम विकसित करने की घोषणा की गई है। वहीं फिरोजपुर फीडर के अंतर्गत राजस्थान के हिस्से का पानी उपलब्ध कराने के लिए 200 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है।

जिले के लखूवाली, घग्घर डायवर्जन चैनल पॉइंट और कोहला सहित कई स्थानों पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिले राज्य में सर्वाधिक गेहूं उत्पादन करने वाले क्षेत्र हैं। हाल ही में गेहूं की एमएसपी में बढ़ोतरी और किसान सम्मान निधि में वृद्धि से इन जिलों के किसानों को सीधा लाभ हुआ है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार अपने संकल्प पत्र के वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसानों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, विधायक गुरवीर सिंह बरार, संजीव बेनीवाल, गणेशराज बंसल, अतिरिक्त मुख्य सचिव (जल संसाधन) अभय कुमार, मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त सचिव (पश्चिम) अमरजीत सिंह समेत अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
 

हनुमानगढ़ में नहर का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

हनुमानगढ़ में नहर का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed