Jaipur News:पोद्दार मूक बधिर स्कूल में हंगामे के बाद सरकार एक्शन में आई , पूर्व प्रिंसिपल भारत जोशी निलंबित
जयपुर के सेठ आनंदीलाल पोद्दार बधिर स्कूल विवाद में विपक्ष के दौरे और बढ़ते विवाद के बाद शिक्षा विभाग ने पूर्व प्रिंसिपल भारत जोशी को निलंबित कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जयपुर के राजकीय सेठ आनंदीलाल पोद्दार बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्रों की शिकायतों और कथित कुप्रबंधन का मामला राजनीतिक तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत कांग्रेस के कई नेता बुधवार को स्कूल पहुंचे और बच्चों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान सरकार को सोशल मीडिया पर भी तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा। इसके कुछ ही घंटों बाद शिक्षा विभाग ने जांच समिति गठित कर विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य भारत जोशी को निलंबित कर दिया।
स्कूल में व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद मामला लगातार चर्चा में था। विपक्ष ने सरकार पर मूक-बधिर विद्यार्थियों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया, जबकि सोशल मीडिया पर भी स्कूल की व्यवस्थाओं और छात्रों की शिकायतों से जुड़े वीडियो और पोस्ट तेजी से वायरल हुए। इससे सरकार पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया।
यह भी पढें- Jaipur News: जयपुर पहुंचीं कॉमनवेल्थ चैंपियन अरुंधति चौधरी, बोलीं-'मुझे सिर्फ गोल्ड दिख रहा था'
इसी बीच संयुक्त निदेशक (स्कूल शिक्षा), जयपुर संभाग ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, जयपुर पूर्व की अध्यक्षता में जांच दल गठित कर पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट 6 अगस्त तक मांगी गई है। साथ ही दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव भी मांगा गया है।
विभाग ने पूर्व प्रधानाचार्य भारत जोशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। हाल ही में उनका जिला शिक्षा अधिकारी पद पर पदोन्नति के बाद विद्यालय से स्थानांतरण हो चुका था, लेकिन विद्यालय में सामने आए कथित कुप्रबंधन के आरोपों के आधार पर उनके खिलाफ राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है। निलंबन अवधि में भारत जोशी का मुख्यालय माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर रहेगा।