भैराणा धाम आंदोलन: बेनीवाल के जयपुर कूच से पहले सरकार बैकफुट पर, देर रात बनी बात
भैराणा धाम में 41 दिन से चल रहे संत समाज और ग्रामीणों के आंदोलन ने बुधवार को बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया, जब नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के समर्थन और जयपुर कूच की चेतावनी के बीच देर रात प्रशासन को बातचीत के लिए आगे आना पड़ा। लंबी वार्ता के बाद रीको परियोजना और गोचर भूमि विवाद पर 15 सदस्यीय कमेटी बनाने पर सहमति बनी, जिसके बाद आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दूदू के मौजमाबाद स्थित भैराणा धाम में रीको औद्योगिक क्षेत्र के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण और पेड़ों की कटाई को लेकर चल रहा संत समाज और ग्रामीणों का आंदोलन फिलहाल टल गया है। बुधवार देर रात प्रशासन, संत समाज और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल समर्थकों के बीच हुई वार्ता में कई बिंदुओं पर सहमति बनी, जिसके बाद आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
करीब 41 दिनों से चल रहे इस विरोध प्रदर्शन के बाद देर रात जयपुर कूच की रणनीति भी वापस ले ली गई। वार्ता के दौरान 15 सदस्यीय कमेटी बनाने पर सहमति बनी, जिसमें संत समाज, ग्रामीणों और प्रशासन के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। यह कमेटी गोचर भूमि, रीको परियोजना और पर्यावरण से जुड़े विवादों पर चर्चा कर समाधान तलाशेगी।
समझौते के तहत प्रशासन ने फिलहाल गोचर भूमि पर किसी भी तरह के निर्माण और पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने का भरोसा दिया है। साथ ही क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक परियोजना से जुड़े मुद्दों की विस्तृत समीक्षा करने पर भी सहमति बनी।
यह भी पढें- अमित शाह का बड़ा एक्शन: भारत-पाक सीमा के 15 किमी दायरे में ढहेंगे अवैध ढांचे, अधिकारियों को दिए निर्देश
बुधवार को दिनभर भैराणा धाम में बड़ी संख्या में संत, ग्रामीण और आरएलपी समर्थक जुटे रहे। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए सरकार पर किसानों और ग्रामीणों की अनदेखी का आरोप लगाया था। इसे लेकर जयपुर और अजमेर संभाग की राजनीति भी गर्मा गई थी।
देर रात हुई वार्ता के बाद संत समाज ने कहा कि सरकार और प्रशासन की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है, लेकिन यदि समझौते पर अमल नहीं हुआ तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा।
इनका कहना है-
सरकार ने 800 बीघा ज़मीन पर RIICO का काम रोक दिया है। स्थगित कर दिया है। डेरी के लिए जो 2 प्लॉट दिए थे उन्हें भी रोक दिया। साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों, IG, कलेक्टर और RIICO के अधिकारियों की एक कमेटी बनाई है। समिति 7 दिनों में बैठक करेगी। नदी-नाले, अब्दुल रहमान को ध्यान में रखते हुए रिपोर्ट देगी और RIICO के निरस्तीकरण का काम चालू होगा। आगामी 15-20 दिन में पूरे RIICO के इलाके को निरस्त करा देंगे। करीब-करीब मांगें मान ली गई हैं। ये राजस्थान के जवानों की जीत है।
हनुमान बेनीवाल- आरएलपी सांसद