Rajasthan Weather: राजस्थान में बढ़ी गर्मी की तपिश, कई शहरों में पारा 35 डिग्री पार
Rajasthan Weather: राजस्थान में गर्मी ने समय से पहले ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बाड़मेर में पारा 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने अगले दो-तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की चेतावनी दी है। अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
विस्तार
राजस्थान में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को राज्य के कई शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। पश्चिमी जिलों में दिन के समय तेज और झुलसाने वाली गर्मी महसूस की गई। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। हालांकि न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जिससे कुछ शहरों में रात के समय मामूली ठंडक रही, लेकिन तापमान सामान्य से ऊपर ही बना रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र ने क्या बताया?
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अगले 2 से 3 दिनों में तापमान में और वृद्धि होने तथा दिन के समय गर्मी तेज रहने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटों के दौरान आसमान साफ रहा और सुबह से ही तेज धूप निकली। पिलानी, चित्तौड़गढ़, पाली, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर, चूरू, नागौर, जालोर और लूणकरणसर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया।
सभी शहरों में पारा 31 डिग्री से ऊपर
मंगलवार को राज्य के सभी प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। अलवर में 31.4 डिग्री, जयपुर और उदयपुर में 33.9 डिग्री, सीकर में 32.5 डिग्री, गंगानगर में 33.3 डिग्री, बारां में 32.9 डिग्री, हनुमानगढ़ में 31.2 डिग्री, सिरोही में 32.8 डिग्री और झुंझुनूं में 33.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। तेज गर्मी के चलते कई शहरों में सुबह-शाम घरों और दफ्तरों में पंखों का उपयोग शुरू हो गया है। वहीं पश्चिमी जिलों में दिन के समय कूलर और एसी का इस्तेमाल भी शुरू हो चुका है।
ये भी पढ़ें: अजमेर शरीफ से शांति की पुकार, सैयद सलमान चिश्ती ने की मध्य पूर्व में युद्ध टालने की अपील
रात में हल्की ठंडक
जहां दिन का तापमान बढ़ रहा है, वहीं मंगलवार रात न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। चूरू, सीकर, अलवर, टोंक, करौली, दौसा, झुंझुनूं और बारां में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। फतेहपुर में सबसे कम 10.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। तापमान में आई इस गिरावट से रात के समय कुछ स्थानों पर हल्की ठंडक महसूस की गई।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.