जयपुर में सेल्स मैनेजर ने जान दी; चार पन्ने के सुसाइड नोट में पत्नी और ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप
जयपुर में 33 वर्षीय सेल्स मैनेजर जितिन कुमार की आत्महत्या के मामले में पत्नी और ससुराल वालों पर बेटी से दूर करने और 20 लाख की मांग का आरोप लगा है। पुलिस ने केस दर्ज किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अपनी बेटी से मिलने की तड़प ने एक पिता को आत्महत्या करने पर मजबूर कर दिया। मामला जयपुर के विश्वकर्मा इलाके के मल्होत्रा नगर का है जहां एक 33 वर्षीय सेल्स मैनेजर जितिन कुमार ने एक अगस्त को अपने फ्लैट में फांसी लगा ली। विश्वकर्मा थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर पत्नी, सास-ससुर और साले के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस को मौके से चार पेज का सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें मृतक ने अपनी मौत के लिए पत्नी और ससुराल पक्ष को जिम्मेदार बताया है।
जानकारी के अनुसार- मृतक जितिन कुमार पिछले करीब आठ महीने से विश्वकर्मा इलाके के मल्होत्रा नगर स्थित एक अपार्टमेंट में किराए के फ्लैट में रह रहे थे। वे विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में सेल्स मैनेजर थे।
बेटी से बात नहीं होने का दर्द
मृतक के भाई पार्श्व गिल्होत्रा का आरोप है कि जितिन की पत्नी बेटी को लेकर मायके चली गई थी और इसके बाद पिता-बेटी के बीच बातचीत बंद कर दी गई। आरोप है कि बेटी से बात करवाने के लिए 20 लाख रुपए या मकान की मांग की जा रही थी।
परिजनों के मुताबिक, बेटी से दूरी जितिन के लिए सबसे बड़ा मानसिक तनाव बन गई थी। भाई का कहना है कि 25 जुलाई को बातचीत के दौरान जितिन बेटी को याद कर भावुक हो गए थे। उन्होंने बेटी की उन बातों का जिक्र किया था, जिसमें वह पिता के साथ जयपुर आकर रहने और उनके साथ स्कूल जाने की बात कहती थी।
यह भी पढें- Rajasthan: आजादी की लड़ाई में वागड़ ने भी बजाया बिगुल, तात्या टोपे से प्रजामंडल तक ऐसे जगा जन आंदोलन
शादी के बाद से प्रताड़ना का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि जनवरी 2019 में शादी के कुछ समय बाद से ही जितिन को उनके सांवले रंग को लेकर ताने दिए जाते थे। साथ ही पत्नी के नाम मकान करने और माता-पिता से अलग रहने का दबाव बनाया जाता था।
भाई का दावा है कि बेटी के जन्म के बाद पारिवारिक विवाद और बढ़ गया। जून 2026 में पत्नी बेटी को लेकर मायके चली गई। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ा और पंजाब में जितिन के परिवार के कई सदस्यों के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया गया।
फ्लैट का गेट तोड़कर अंदर गई पुलिस
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त की सुबह परिजनों ने जितिन को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। परिचितों के फ्लैट पहुंचने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गेट खुलवाया तो जितिन फंदे से लटके मिले।
FSL टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। तलाशी के दौरान पुलिस को चार पेज का सुसाइड नोट मिला, जिसमें पत्नी, सास-ससुर और साले को जिम्मेदार बताया गया है।
12 अगस्त को केस दर्ज, जांच शुरू
विश्वकर्मा थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस सुसाइड नोट, परिजनों के आरोप, कॉल रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।