Rajasthan Budget 2026: मेंटल हेल्थ व त्वरित इलाज पर सरकार का जोर, जानें स्वास्थ्य के लिए बजट में क्या-क्या है?
Rajasthan Budget 2026-27: स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर सरकार ने प्रदेश सरकार के बजट में कई बड़ी घोषणाएं की हैं। राजस्थान में गंभीर मरीजों और सड़क दुर्घटना के मामलों में तत्काल इलाज सुनिश्चित करने के लिए नई योजनाओं की शुरुआत की गई है। पढ़ें पूरी खबर
विस्तार
राजस्थान का बजट 2026 विधानसभा में पेश किया गया है। वित्त मंत्री और डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने यह बजट पेश किया। राज्य की भाजपा सरकार के कार्यकाल का यह तीसरा बजट है। इस बीच प्रदेश के विकास को गति देने के लिए बजट घोषणा में कई बड़े एलान किए गए हैं। मानव स्वास्थ्य को भी सरकार ने इस बजट में गंभीरता दिखाई है। मेंटल हेल्थ, चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन स्थित में त्वरित इलाज पर जोर दिया गया है।
चलिए यहां बता रहे हैं कि सरकार ने स्वास्थ्य को लेकर क्या-क्या बड़े एलान किए हैं। वहीं, बजट का कुल आकार करीब 6 लाख करोड़ रुपये के आसपास रहने का अनुमान है। पिछले साल बजट का आकार 5 लाख 37 हजार करोड़ रुपये था।
गंभीर मरीजों के लिए “राज सुरक्षा” योजना लागू होगी
राजस्थान में गंभीर मरीजों और एक्सीडेंट के मामलों में तत्काल इलाज सुनिश्चित करने के लिए नई योजनाओं की घोषणा की गई है। गंभीर मरीजों के लिए “राज सुरक्षा” योजना लागू होगी, जिसके तहत हाईवे पर रेस्ट सेंटरों पर एंबुलेंस तैनात की जाएंगी और सड़क दुर्घटना या हार्ट अटैक जैसी आपात स्थितियों में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। निकटतम चिकित्सा संस्थानों और मेडिकल सुविधाओं की जानकारी देने के लिए क्रिटिकल कमांड सेंटर भी स्थापित किया जाएगा।
“राज ममता” प्रोग्राम शुरू किया
मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में राज्य सरकार ने “राज ममता” प्रोग्राम शुरू किया है। इसके तहत आत्महत्याओं की रोकथाम, अवसाद और चिंता जैसी समस्याओं के लिए काउंसलिंग और उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। SMS अस्पताल में सेंटर फॉर एक्सीलेंस फॉर मेंटल हेल्थ की स्थापना की जाएगी, जबकि जिला अस्पतालों में मानसिक स्वास्थ्य केयर सेंटर खोले जाएंगे। कॉलेजों में मेंटल हेल्थ और काउंसलिंग के लिए काउंसलर तैनात किए जाएंगे और हर ग्राम पंचायत में आरोग्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें- Live Rajasthan Budget 2026 Live: 100 सरकारी सेवाएं मिलेंगी व्हाट्सएप पर, डिजिटल पॉलिसी जल्द; दीया कुमारी की घोषणा
जयपुर के जेके लॉन अस्पताल में सुविधाओं का होगा विस्तार
विमंदित और लावारिस मरीजों को भी मुफ्त इलाज मिलेगा। जयपुर के जेके लॉन अस्पताल में 75 करोड़ रुपये की लागत से 500 बेड का नया IPD टॉवर और नियोनेटल ICU का निर्माण किया जाएगा। RUHS में 200 बेड का पीडियाट्रिक ICU और ट्रीटमेंट सेंटर तैयार किया जाएगा।
अस्पतालों में आग से जुड़ी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए 300 करोड़ रुपये की लागत से फायर सेफ्टी उपकरण लगाए जाएंगे। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और अन्य बड़े शहरों के अस्पतालों में मरीजों के अटेंडेंट के रहने के लिए धर्मशालाओं का निर्माण किया जाएगा, जिस पर 500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा, अस्पतालों में मृत्यु होने पर डेड बॉडी को घर तक मुफ्त पहुंचाने के लिए मोक्षवाहिनी योजना शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना का लाभ सुनिश्चित करने के लिए पंचायत स्तर पर आरोग्य शिवरों का आयोजन किया जाएगा।
एक नजर पूर्व के बजट पर
पिछले बजट में सरकार ने राजस्थान रोजगार नीति-2025, 500 करोड़ रुपये का विवेकानंद रोजगार सहायता कोष, 1 लाख 25 हजार नए पदों का सृजन और 350 करोड़ रुपये का गिग व असंगठित श्रमिक विकास कोष घोषित किया था। स्वास्थ्य क्षेत्र में 25 करोड़ रुपये से गर्भवती महिलाओं को पोषण किट और 200 करोड़ रुपये की सीएम अमृत आहार योजना लागू की गई थी। पोषण और कृषि में मोटे अनाज को मिड-डे मील में शामिल करने और राम हन सेतु लिंक परियोजना के तहत 9,300 करोड़ रुपये के कामों की घोषणा हुई थी। चिकित्सा व स्वास्थ्य की बात करें तो इस क्षेत्र के लिए 3500 करोड़ रुपये का प्रवधान किया गया था।