WhatsApp पर साइबर अटैक : राजस्थान पुलिस की चेतावनी, तुरंत बदलें ये 6 सेटिंग्स वरना चोरी हो सकता है पूरा डेटा
राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने व्हाट्सएप हैकिंग और डेटा चोरी को लेकर एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने टू-स्टेप वेरिफिकेशन, प्राइवेसी सेटिंग्स, ऑटो डाउनलोड बंद रखने और लिंक्ड डिवाइसेस चेक करने सहित 6 जरूरी सुरक्षा उपाय तुरंत अपनाने की अपील की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एक छोटी सी लापरवाही आपका व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर सकती है और निजी चैट, फोटो, बैंकिंग जानकारी से लेकर संवेदनशील डेटा तक साइबर ठगों के हाथ लग सकता है। बढ़ते साइबर अपराधों के बीच राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने व्हाट्सएप सुरक्षा को लेकर बड़ी एडवाइजरी जारी की है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) वीके सिंह ने कहा कि डिजिटल ठगी के नए तरीके तेजी से सामने आ रहे हैं। ऐसे में आम लोगों को अपने व्हाट्सएप की सुरक्षा सेटिंग्स तुरंत अपडेट करनी चाहिए, ताकि हैकिंग, डेटा चोरी और ऑनलाइन फ्रॉड से बचा जा सके।
सबसे पहले ऑन करें टू स्टेप वेरिफिकेशन
साइबर विशेषज्ञों ने टू-स्टेप वेरिफिकेशन को व्हाट्सएप सुरक्षा का सबसे मजबूत कवच बताया है। इसके लिए यूजर्स को WhatsApp Settings > Account > Two-Step Verification में जाकर एक सीक्रेट PIN सेट करना होगा। पुलिस के अनुसार, यदि किसी ठग ने सिम क्लोन भी कर लिया तो भी बिना इस PIN के आपका व्हाट्सएप अकाउंट एक्सेस नहीं किया जा सकेगा।
यह भी पढें- राजस्थान में बजा चुनावी बिगुल! हाईकोर्ट की हरी झंडी के बाद गांव-गांव पहुंचे सीएम, ग्रामीणों के साथ किया भोजन
प्रोफाइल फोटो और स्टेटस को रखें प्राइवेट
साइबर शाखा ने सलाह दी है कि व्हाट्सएप प्राइवेसी सेटिंग्स में जाकर प्रोफाइल फोटो, Last Seen, Status और Groups विकल्प को “My Contacts” पर सीमित रखें। इससे अनजान लोग आपकी तस्वीरों या जानकारी का दुरुपयोग नहीं कर पाएंगे।
ऑटो डाउनलोड बना सकता है फोन को खतरा
एडवाइजरी में कहा गया है कि साइबर ठग APK, PDF या वायरस संक्रमित फाइलें भेजकर मोबाइल में मालवेयर इंस्टॉल कर देते हैं। यदि मीडिया ऑटो डाउनलोड ऑन है तो ये फाइलें बिना अनुमति फोन में सेव हो सकती हैं। इससे बचने के लिए WhatsApp Settings > Storage and Data में जाकर Auto Download तुरंत बंद करने की सलाह दी गई है।
अननॉन कॉल्स और लोकेशन ट्रैकिंग से भी सावधान
राजस्थान पुलिस ने यूजर्स को Silence Unknown Callers फीचर ऑन करने की सलाह दी है, ताकि इंटरनेशनल स्कैम और स्पैम कॉल्स से बचा जा सके। इसके अलावा “Protect IP Address in Calls” फीचर सक्रिय करने से कॉल्स व्हाट्सएप सर्वर के जरिए रूट होंगी और आपकी वास्तविक लोकेशन छिपी रहेगी।
व्हाट्सएप वेब की नियमित जांच जरूरी
साइबर शाखा ने लोगों को समय-समय पर लिंग्क्ड डिवाइस चेक करने की सलाह दी है। यदि वहां कोई अनजान लैपटॉप या डिवाइस दिखाई दे तो उसे तुरंत लॉग आउट कर दें। कई मामलों में हैकर्स चोरी-छिपे व्हाट्सएप वेब के जरिए अकाउंट मॉनिटर करते पाए गए हैं।
साइबर ठगी होने पर तुरंत यहां करें शिकायत
राजस्थान पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत नजदीकी साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल National Cyber Crime Portal और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।