{"_id":"6a0b4cbc31208fd9e70e1ea3","slug":"jaisalmer-news-faith-defies-48-c-heat-as-lakhs-of-devotees-flock-to-ramdevra-temple-2026-05-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jaisalmer News: 48 डिग्री तापमान भी नहीं रोक पाया आस्था का सैलाब, लाखों भक्त पहुंचे रामदेवरा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jaisalmer News: 48 डिग्री तापमान भी नहीं रोक पाया आस्था का सैलाब, लाखों भक्त पहुंचे रामदेवरा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर
Published by: जैसलमेर ब्यूरो
Updated Mon, 18 May 2026 11:05 PM IST
विज्ञापन
सार
ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की दूज पर रामदेवरा में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भीषण गर्मी के बीच लाखों श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए समाधि समिति ने विशेष एयर कूलिंग व्यवस्था की है।
चिलचिलाती गर्मी में दर्शन करने रामदेवरा पहुंचा श्रद्धालुओं का सैलाब
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
राजस्थान के पश्चिमी मरुस्थलीय क्षेत्र में इस समय भीषण गर्मी अपने चरम पर है। जैसलमेर जिले सहित आसपास के इलाकों में तापमान लगातार 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। तपती रेत, गर्म हवाएं और आसमान से बरसती आग जैसी धूप ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। ऐसे कठिन मौसम के बीच आस्था की नगरी रामदेवरा में श्रद्धा का विशाल सैलाब उमड़ रहा है।
ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की दूज पर बाबा रामदेव के दर्शन के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस भारी भीड़ और भीषण गर्मी को देखते हुए बाबा रामदेव समाधि समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिनकी हर ओर सराहना हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
इस बार समाधि समिति ने गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से समाधि स्थल परिसर और उसके आसपास अत्याधुनिक एयर कूलिंग सिस्टम स्थापित किया है। यह व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। परिसर में लगाए गए हाई प्रेशर मिस्ट फैन और छोटे-छोटे फव्वारों से लगातार पानी की महीन बूंदें वातावरण में फैल रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र का तापमान सामान्य से काफी कम महसूस हो रहा है। भक्तों का कहना है कि जैसे ही वे समाधि स्थल के पास पहुंचते हैं, उन्हें ऐसा अनुभव होता है मानो वे किसी एयर कंडीशन हॉल में प्रवेश कर गए हों।
Trending Videos
समाधि समिति के अनुसार यह विशेष कूलिंग सिस्टम मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर प्रवेश द्वार तक करीब आधा किलोमीटर क्षेत्र में लगाया गया है। सुबह 8 से लेकर रात 10 बजे तक यह सुविधा लगातार संचालित की जा रही है। पिछले तीन दिनों से यह व्यवस्था बिना रुके चल रही है और गर्मी के मौसम तक इसे जारी रखा जाएगा। श्रद्धालुओं को कतारों में खड़े रहने के दौरान भीषण गर्मी से राहत मिले, इसी उद्देश्य से यह संपूर्ण योजना तैयार की गई है।
गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और राजस्थान के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामदेवरा पहुंच रहे हैं। दूरदराज से आने वाले भक्तों का कहना है कि इस बार गर्मी के बावजूद दर्शन व्यवस्था काफी बेहतर और व्यवस्थित नजर आ रही है।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: गिरल माइंस आंदोलन ने पकड़ा जोर, रविंद्र सिंह भाटी का शक्ति प्रदर्शन, 19 मई को विशाल जनसभा
सोमवार को प्रथम ज्येष्ठ (अधिक) शुक्ल पक्ष की दूज के अवसर पर रामदेवरा पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। सुबह से ही बाबा रामदेव की समाधि पर दर्शन के लिए लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। आज करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने बाबा की समाधि के साथ-साथ रामसरोवर तालाब, परचा बावड़ी और झूला पालना के भी दर्शन किए। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, जयकारों और धार्मिक अनुष्ठानों का माहौल बना रहा।
दूज के विशेष अवसर पर बाबा की समाधि पर परंपरानुसार स्वर्ण मुकुट स्थापित किया गया। सुबह अभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना के बाद समाधि का भव्य शृंगार किया गया तथा आरती के पश्चात मुकुट धारण कराया गया। मान्यता है कि शुक्ल पक्ष की दूज पर यह विशेष परंपरा वर्षों से निभाई जा रही है और इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु दूर-दूर से आते हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। मंदिर परिसर, मुख्य बाजार और प्रवेश मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पोकरण के डिप्टी भवानी सिंह ने स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था को लेकर प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
दूसरी ओर श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही से रामदेवरा का बाजार भी पूरी तरह गुलजार दिखाई दिया। होटल, धर्मशालाएं, प्रसाद की दुकानें और स्थानीय व्यापारियों के यहां दिनभर चहल-पहल बनी रही। गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। कई भक्त पैदल यात्राएं कर बाबा के दरबार पहुंचे और माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
भीषण गर्मी के बीच समाधि समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में आने वाले लोगों के लिए इस तरह की सुविधाएं न केवल राहत देने वाली हैं बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी नई दिशा देती हैं।