सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaisalmer News ›   Major police action in the Mahavir Singh murder case: 6 named accused taken into custody

महावीर सिंह हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6 नामजद आरोपी हिरासत में, वारदात में इस्तेमाल वाहन भी जब्त

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर Published by: जैसलमेर ब्यूरो Updated Thu, 11 Jun 2026 12:07 PM IST
विज्ञापन
सार

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक ने तुरंत मामले की मॉनिटरिंग शुरू कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया और क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

Major police action in the Mahavir Singh murder case: 6 named accused taken into custody
महावीर सिंह हत्याकांड - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

जैसलमेर के खुहड़ी थाना क्षेत्र के बहुचर्चित महावीर सिंह हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है। वहीं वारदात में इस्तेमाल किए गए एक वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। जिले में सनसनी फैला देने वाली इस घटना के बाद पुलिस लगातार दबिश दे रही है और शेष आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें सक्रिय हैं।



गौरतलब है कि 9 जून को म्याजलार गांव निवासी महावीर सिंह अपने साथी भोपाल सिंह के साथ मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान हमीर सिंह और उसके साथियों ने कई वाहनों में सवार होकर उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद महावीर सिंह के साथ मारपीट की गई और उसे जबरन वाहन में बैठाकर ले जाया गया। बाद में गंभीर हालत में उसे सोड़ा गांव के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया था। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में फैला आक्रोश
घटना सामने आने के बाद म्याजलार सहित आसपास के गांवों में भारी आक्रोश फैल गया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि यह हमला सुनियोजित था और इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए मॉर्च्यूरी के बाहर धरना भी शुरू कर दिया था। मृतक के पिता गोरधन सिंह का आरोप है कि उनके बेटे और मुख्य आरोपी के बीच पहले कहासुनी हुई थी, लेकिन उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि विवाद इतना बढ़ जाएगा कि हत्या जैसी वारदात हो जाएगी।
विज्ञापन


पढ़ें:  ऑनलाइन जुआ-सट्टा गैंग का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार मोबाइल, एटीएम कार्ड और बैंक दस्तावेज बरामद

पुलिस अधीक्षक ने संभाली कमान
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक ने तुरंत मामले की मॉनिटरिंग शुरू कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया और क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीमों ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी अभियान के दौरान एफआईआर में नामजद छह आरोपियों को दस्तयाब कर लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और घटना में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

वारदात में इस्तेमाल वाहन जब्त, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
जांच के दौरान पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अधिकारियों ने बताया कि घटना में प्रयुक्त एक वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस वाहन की फोरेंसिक जांच कराने की तैयारी कर रही है ताकि घटना से जुड़े और साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य संदिग्धों और आरोपियों की पहचान कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। विभिन्न टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया गया है और संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।

पुलिस की आमजन से अपील
जिला पुलिस ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की जा रही है तथा हर पहलू को ध्यान में रखकर अनुसंधान आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी तरह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है तथा दोषियों को कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

महावीर सिंह हत्याकांड फिलहाल पूरे जैसलमेर जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस लगातार कार्रवाई करते हुए मामले को सुलझाने में जुटी हुई है। छह आरोपियों की गिरफ्तारी और वाहन जब्ती के बाद जांच ने नई दिशा पकड़ ली है, लेकिन अब भी कई सवालों के जवाब मिलना बाकी हैं। ऐसे में पूरे जिले की निगाहें पुलिस की आगामी कार्रवाई और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed