सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jhalawar News ›   Garlic damaged by temperature

राजस्थान में लहसुन की गुणवत्ता पर संकट?: मंडियों में आवक अच्छी लेकिन सप्लाई में कमी, किसान हुए परेशान; जानें

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, झालावाड़ Published by: झालावाड़ ब्यूरो Updated Tue, 28 Apr 2026 11:07 AM IST
विज्ञापन
सार

झालावाड़ और हाड़ौती क्षेत्र में इस साल लहसुन की फसल पर बढ़ते तापमान का असर पड़ा है, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों घट गए हैं। किसानों को मंडियों में अच्छे भाव मिल रहे हैं, लेकिन निर्यात लायक क्वालिटी नहीं होने से उन्हें उम्मीद के अनुसार लाभ नहीं मिल पा रहा।

Garlic damaged by temperature
मौसम की मार से लहसुन की पैदावार घटी - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार

राजस्थान के झालावाड़ जिले में इस साल लहसुन की फसल पर मौसम की मार साफ दिखाई दे रही है। हाड़ौती क्षेत्र का लहसुन देश-विदेश में मशहूर है, लेकिन फरवरी में बढ़े तापमान ने इसकी गुणवत्ता और उत्पादन दोनों को प्रभावित किया है। इससे किसानों को उम्मीद के मुताबिक कमाई नहीं हो पा रही है।

Trending Videos

भाव अच्छे, लेकिन कमाई में निराशा

विज्ञापन
विज्ञापन
हाड़ौती के झालावाड़ जिले में करीब 25 हजार हेक्टेयर में लहसुन की बुवाई होती है। इस बार किसानों को मंडियों में अच्छे भाव मिल रहे हैं, जिससे वे खुश भी हैं, लेकिन उत्पादन कम और क्वालिटी खराब होने से निराशा भी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाड़ौती के लहसुन की अच्छी मांग रहती है, लेकिन निर्यात ठप होने से किसानों को फायदा नहीं मिल पा रहा है।

मंडियों में अच्छी आवक, लेकिन सप्लाई में कमी

इस साल मंडियों में लहसुन की जोरदार आवक हो रही है। देशी लहसुन का भाव 3000 से 12000 रुपये प्रति क्विंटल और ऊटी किस्म का 5000 से 15000 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहा है। हालांकि खराब क्वालिटी के कारण अन्य राज्यों और विदेशों में सप्लाई नहीं हो पा रही है। खानपुर कृषि मंडी के लहसुन व्यापार संघ अध्यक्ष बालचंद नगर के अनुसार, लहसुन एक्सपोर्ट लायक नहीं होने से बांग्लादेश, कजाकिस्तान और अमेरिका जैसे देशों में डिमांड के अनुसार सप्लाई नहीं हो पा रही है।

किसानों को पड़ोसी राज्यों की मंडियों का सहारा
झालावाड़ के किसान खानपुर और मनोहरथाना की मंडियों के अलावा मध्यप्रदेश के मंदसौर, नीमच और बारां जिले की छीपाबड़ौद मंडी में भी लहसुन बेचने जाते हैं।


पढ़ें- Bihar: कोसी-सीमांचल में बारिश-वज्रपात के कारण पांच लोगों की मौत, आज 14 जिलों में अलर्ट; जानिए मौसम का हाल

पिछले साल से कम हुई पैदावार
किसान रामचरण के अनुसार इस बार लहसुन की पैदावार पिछले साल से कम रही है। जहां पहले एक बीघा में 25 से 26 कट्टे निकलते थे, वहीं इस बार केवल 20 से 22 कट्टे ही मिल रहे हैं। मंडियों में लहसुन का भाव 2500 से 12500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच चल रहा है।

एमएसपी नहीं होने से किसानों की परेशानी
लहसुन एमएसपी वाली फसलों में शामिल नहीं है, इसलिए किसानों को मजबूरी में कम भाव पर भी बिक्री करनी पड़ती है। कटाई के बाद लहसुन को सुरक्षित रखना भी चुनौती है, क्योंकि नमी या अधिक गर्मी से यह जल्दी खराब हो जाता है।

एक हेक्टेयर में लागत का आंकड़ा
किसानों के अनुसार एक हेक्टेयर में लहसुन की बुवाई, कटाई, निराई-गुड़ाई पर करीब 35 हजार रुपये खर्च होते हैं। इसमें 10 से 15 हजार रुपये बीज, 10 हजार रुपये कीटनाशक और करीब 5-5 हजार रुपये अन्य खर्चों में लगते हैं। लहसुन की बुवाई अक्टूबर में होती है और मार्च में फसल तैयार हो जाती है।

औसत भाव, लेकिन क्वालिटी पर निर्भर कमाई
इस बार लहसुन के औसत भाव 10-11 हजार रुपये प्रति क्विंटल हैं, जबकि उच्च गुणवत्ता वाले लहसुन के भाव 18 हजार रुपये तक जा रहे हैं। किसानों के अनुसार लाभ इस बात पर निर्भर करता है कि फसल की क्वालिटी कैसी है और निर्यात की स्थिति क्या रहती है।

बुवाई और उत्पादन पर क्यों पड़ रहा असर?

  • फरवरी में बढ़े तापमान के कारण लहसुन का आकार सही नहीं बन पाया।
  • इससे उत्पादन और क्वालिटी दोनों पर नकारात्मक असर पड़ा।
  • 2025-26 में कुल 26,038 हेक्टेयर में लहसुन की बुवाई की गई।
  • इस बार औसतन प्रति हेक्टेयर केवल 5 क्विंटल उत्पादन हुआ।
  • सामान्य स्थिति में 10 से 12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन होने पर किसानों को बेहतर लाभ मिलता है।
  • कम पैदावार के कारण किसानों की आय और मुनाफा प्रभावित हुआ।
     

अब पैकेजिंग से बढ़ेगी बिक्री
लहसुन की बिक्री बढ़ाने के लिए अब किसान ग्रेडिंग और पैकेजिंग पर ध्यान दे रहे हैं। अलग-अलग क्वालिटी के लहसुन को 1 किलो से 20 किलो तक के पैकेट में तैयार किया जा रहा है। सही तरीके से पैक किया गया लहसुन करीब 6 महीने तक खराब नहीं होता। इससे व्यापारियों को सप्लाई में आसानी होगी और किसानों को भी बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद है। पहले किसान बिना क्वालिटी पर ध्यान दिए लहसुन बेच देते थे, लेकिन अब बेहतर गुणवत्ता के साथ बाजार में भेज रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed