Kotputli Behror News: मंदिर में उतारा था बुजुर्ग को मौत के घाट, आरोपी बापर्दा गिरफ्तार; पुलिस जांच जारी
Kotputli Behror News: कोटपूतली के ग्राम नारेहड़ा स्थित ओमानंद महाराज के मंदिर में बुजुर्ग की नृशंस हत्या के मामले में सरूण्ड थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी मंदिर के भीतर हत्या कर फरार हुआ था।
विस्तार
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के ग्राम नारेहड़ा में ओमानंद महाराज के मंदिर परिसर में बुजुर्ग की नृशंस हत्या के मामले में सरूण्ड थाना पुलिस ने पर्दा उठाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शांत धार्मिक स्थल में हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित और सुनियोजित कार्रवाई कर हत्यारे तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, 7 दिसंबर को सूचना मिली कि नारेहड़ा स्थित नदी किनारे मंदिर के अंदर एक बुजुर्ग का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान जगदीश प्रसाद (83) पुत्र अर्जुनलाल यादव, निवासी ढाणी बनियावाली तन नारेहड़ा के रूप में की। मंदिर के भीतर शव मिलने से वारदात की क्रूरता और आरोपी की मंशा पर कई सवाल खड़े हो गए।
घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल और एमओबी टीम को बुलाया गया, जिन्होंने अहम साक्ष्य जुटाए। शव का बीडीएम अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के पुत्र महेश कुमार यादव की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई के निर्देश पर एएसपी नाजिम अली के सुपरविजन और डीएसपी राजेन्द्र कुमार बुरड़क के निर्देशन में थानाधिकारी यशपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं।
जांच के दौरान मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी क्रम में पुलिस को निहालपुरा क्षेत्र में नदी किनारे झाड़ियों के पास संदिग्ध व्यक्ति के छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, जिसे कांस्टेबल जगत सिंह ने पीछा कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजय उर्फ कालू (25) पुत्र लालाराम बावरिया, निवासी खेड़ा निहालपुरा बताया।
यह भी पढ़ें- घोर लापरवाही: सरकारी अस्पताल में बदले शव, एक परिवार ने कर दिया दूसरे बुजुर्ग का अंतिम संस्कार; सच जान उड़े होश
गहन पूछताछ में आरोपी ने जगदीश प्रसाद की हत्या करना कबूल किया, जिसके बाद उसे बापर्दा गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब हत्या के पीछे के कारणों, आपसी विवाद और वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है। घटना के खुलासे में टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई को लेकर पुलिस महकमे में सराहना की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.