गणेश्वर धाम ब्लास्ट मामला: तांत्रिक सलाह के आधार पर कुंड में किया था सूटकेस धमाका, पुलिस हिरासत में पांच आरोपी
Kotputli-Behror News: नीमकाथाना के गणेश्वर धाम में 12 फरवरी को हुए विस्फोट में पुलिस ने तांत्रिक सलाह के आधार पर रची गई साजिश का खुलासा किया है। सूटकेस में विस्फोटक रखकर कुंड में फेंका गया। मामले में पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
विस्तार
नीमकाथाना के गणेश्वर क्षेत्र में 12 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे हुए विस्फोट मामले में पुलिस ने अहम खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि गणेश्वर धाम के गर्म पानी के कुंड में एक सूटकेस फेंका गया था, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। प्रारंभिक जांच में घटना को शरारत माना गया, लेकिन गहन पड़ताल के बाद मामला तांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ा पाया गया।
प्रेस कांफ्रेंस में पुलिस ने क्या बताया?
प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी देते हुए एएसपी लोकेश मीणा ने बताया कि आरोपियों ने तांत्रिकों की राय और सलाह के आधार पर यह कृत्य किया। मान्यताओं और अंधविश्वास के चलते तांत्रिक प्रक्रिया के तहत विस्फोट को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के दौरान इस एंगल की पुष्टि हुई।
विशेष टीमें गठित कर की गई जांच
मामले में थाना सदर नीमकाथाना में भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 288, 326(बी), 329(3) और विस्फोटक अधिनियम 1908 की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय सीकर के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गईं। इन टीमों में विभिन्न थाना पुलिस के साथ मोबाइल एफएसएल यूनिट, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल को शामिल किया गया।
पढ़ें- Bhiwadi Blast: फैक्टरी का मालिक-मैनेजर गिरफ्तार, पुलिसवाले का भाई निकला आरोपी; कांग्रेस का प्रदर्शन क्यों?
तकनीकी साक्ष्य और कॉल डिटेल से खुलासा
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने कथित उपाय और अनुष्ठान के लिए तांत्रिकों से संपर्क किया था। इसके बाद विस्फोटक सामग्री को सूटकेस में रखकर कुंड में फेंका गया। लगातार दबिश के बाद 18 फरवरी को पुलिस ने हसराम, जयराम सैनी, दिनेश कुमार जांगिड़, निर्मल शर्मा और नियामत उर्फ सद्दाम उर्फ राजू उर्फ काला को हिरासत में लिया।
तांत्रिकों की भूमिका की भी जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार तांत्रिकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि किसी तांत्रिक की प्रत्यक्ष या परोक्ष संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हिरासत में आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.